परिसीमन बिल और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में 50% सीटें बढ़ाने व 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव

National

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को हरी झंडी दे दी है। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जानी है, जबकि राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा आवंटन अनुपात को आगामी 25 वर्षों यानी वर्ष 2051 तक यथावत (स्थिर) रखा जाएगा।

केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र आहूत किया है और इसी सत्र के मद्देनजर शुक्रवार को कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को स्वीकृति प्रदान की गई।

​फिलहाल विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच परिसीमन विधेयक को लेकर समर्थन और विरोध की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जहां समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, वहीं डीएमके (DMK) और बीआरएस (BRS) ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस कदम को संविधान पर प्रहार करार दिया है।

​इससे पहले केंद्र सरकार ने अप्रैल में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पारित कराने का प्रयास किया था, लेकिन संसद में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा न जुटने के कारण यह पारित नहीं हो सका था।

हालांकि, इस बार सरकार पूरी तैयारी और रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। बीते सात महीनों के दौरान बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच सरकार को भरोसा है कि इस बार विपक्ष के कुछ दलों को साथ साधकर वह दोनों सदनों में जरूरी दो-तिहाई समर्थन जुटाने में सफल हो सकती है।

​संजय सिंह का तीखा हमला: ‘यह परिसीमन बिल नहीं, बीजेपी जिताओ बिल है’

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने डीएमके को आगाह करते हुए कहा कि यदि वह इस विधेयक का समर्थन करती है, तो यह एक ऐतिहासिक भूल साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन विधेयक पारित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी को पराजित करना बेहद कठिन हो जाएगा।

संजय सिंह ने इसे परिसीमन बिल के बजाय ‘बीजेपी जिताओ बिल’ की संज्ञा दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे भाजपा के प्रभाव वाले राज्यों की तुलना में दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक ताकत कमजोर पड़ जाएगी।