​दो दिन की तेजी पर ब्रेक: शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 900 अंक टूटा, निफ्टी 25,600 के करीब; बैंक निफ्टी भी फिसला

Business

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में बीते दो कारोबारी दिनों से जारी तेजी तीसरे दिन थम गई। सप्ताह के अंतिम कारोबारी सत्र में दलाल स्ट्रीट पर बिकवाली का जबरदस्त दबाव दिखाई दिया। सुबह के सत्र में ही बाजार लाल निशान के साथ खुला और दोपहर तक आते-आते बड़ी गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी 50 सुबह 25,839 के स्तर पर नरमी के साथ खुला और दिन के निचले स्तर 25,620 तक फिसल गया। वहीं, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 84,093 पर खुलने के बाद 83,411 के इंट्राडे लो तक लुढ़क गया।

बैंकिंग शेयरों में भी दबाव दिखा और बैंक निफ्टी फिसलकर 63,161 के निचले स्तर पर पहुंच गया। दोपहर के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 900 अंक टूटकर 83,425 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था, जबकि निफ्टी 250 अंक गिरकर 25,638 के अंक पर आ गया।

​रुपये की कमजोरी और विदेशी निवेशकों की मुनाफावसूली

​बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, इस गिरावट के पीछे पहली बड़ी वजह भारतीय रुपये में आई कमजोरी रही। शुक्रवार को रुपया कमजोर होकर 92.65 के स्तर के आसपास पहुंच गया। रुपये के गिरने से विदेशी संस्थागत निवेशकों के रिटर्न पर असर पड़ता है, जिसके चलते वे रुपये के स्थिर होने का इंतजार करते हैं और नई खरीदारी से हाथ खींच लेते हैं। इसके अलावा अमेरिका में थैंक्सगिविंग अवकाश के चलते लंबे वीकेंड से पहले ट्रेडर्स और विदेशी निवेशकों ने अपनी पोजीशन समेटते हुए मुनाफावसूली की, जिससे बाजार पर दबाव और बढ़ गया।

​महंगाई की चिंता और 85 डॉलर के पार पहुंचा क्रूड ऑयल

​बाजार में आई गिरावट का दूसरा प्रमुख कारण महंगाई को लेकर बढ़ती आशंकाएं हैं। अमेरिका के ताजा महंगाई आंकड़ों के बाद कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में उछाल ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया। शुक्रवार को WTI क्रूड ऑयल के भाव 85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए। कमोडिटी विशेषज्ञ अनुज गुप्ता के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की तेजी के बाद बाजार पहले से ही ऊपरी स्तरों पर था। ऐसे में कच्चे तेल के बढ़ते दाम कंपनियों के मार्जिन और शुद्ध मुनाफे को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे आगामी तिमाहियों के वित्तीय नतीजे कमजोर रहने की आशंका बनी है।

​ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से फेड पर दबाव

​गिरावट का तीसरा अहम कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना है। महंगाई बढ़ने के डर से अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर सख्त मौद्रिक रुख अपनाने और बाजार से नकदी (लिक्विडिटी) खींचने का दबाव बन सकता है। ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद से अमेरिकी बॉन्ड यील्ड को मजबूती मिल रही है, जिसके कारण निवेशक इक्विटी बाजार से रकम निकालकर बॉन्ड बाजार की ओर रुख कर रहे हैं।

​ट्रेड डील में देरी और टैरिफ अनिश्चितता का असर

​इन तीनों कारणों के अलावा भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते (ट्रेड डील) में हो रही देरी और अमेरिकी टैरिफ को लेकर बनी अनिश्चितता ने भी निवेशकों की धारणा को कमजोर किया है। ट्रेड डील को लेकर फिर से पैदा हुई अनिश्चितता के बीच बाजार का माहौल प्रभावित हुआ है। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर का कहना है कि वैश्विक मांग और व्यापार नीतियों को लेकर स्पष्टता के अभाव में आईटी जैसे निर्यात आधारित क्षेत्रों पर दबाव बना हुआ है। साथ ही ऊंचे स्तरों पर प्रमुख बैंकिंग शेयरों में हुई मुनाफावसूली ने भी बाजार को नीचे खींचने में भूमिका निभाई है।