आगरा। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में बाबा का रजत अलंकरण और श्वेत पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। श्वेत वस्त्रों और पुष्पों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। सुबह से ही मंदिर में दर्शन और बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शरद पूर्णिमा के विशेष अवसर पर बाबा की श्रृंगार सेवा और संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई। पोशाक सेवा श्री श्याम प्रेमी सेवा परिवार, बोदला द्वारा संपन्न की गई, जबकि इत्र सेवा और राजभोग सेवा का दायित्व पीयूष गोस्वामी ने निभाया। विभिन्न सेवाओं के माध्यम से भक्तों ने बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण अर्पित किया।
इस अवसर पर हेमेन्द्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल सहित अनेक श्याम भक्त उपस्थित रहे।
