आगरा: ताजनगरी के ऐतिहासिक रावत पाड़ा स्थित श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में बुधवार को पारंपरिक विवाह गीतों की मधुर गूंज और भक्तिमय माहौल के बीच तुलसी-शालिग्राम विवाह की लगुन लिखने की रस्म पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। “लगुन आई हरे-हरे, मंगल गाओ हरे-हरे…” जैसे मांगलिक गीतों के बीच महिला मंडल की सदस्याओं ने धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए विवाह के आधिकारिक कार्यक्रम की शुभ शुरुआत की। तुलसी मैया के प्रति अटूट आस्था और गीतों के उल्लास ने पूरे मंदिर परिसर को उत्सव के रंग में सरोबोर कर दिया।
कार्तिक मास में तुलसी-शालिग्राम पूजन का विशेष महत्व
इस अवसर पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी ने बताया कि सनातन धर्म में कार्तिक मास का अत्यधिक आध्यात्मिक महत्व है। इस पावन महीने में स्नान, दान और नियमित तुलसी पूजन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री हरि विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी और माता तुलसी महारानी का विवाह भक्तों के लिए परम कल्याणकारी, समर्पण और मंगल का प्रतीक है।
21 वर्षों से निरंतर जारी है सामूहिक पूजन की परंपरा
मठ के प्रशासक हरिहर पुरी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल की सदस्याएं पिछले 21 वर्षों से लगातार कार्तिक मास के पूरे महीने मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से तुलसी-शालिग्राम का पूजन करती आ रही हैं। इसी पूरे महीने चले अनुष्ठान के पारायण के रूप में देवोत्थान एकादशी के अवसर पर तुलसी-शालिग्राम विवाह का भव्य आयोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार 19 नवंबर को मेहंदी समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम जी का भव्य विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। विवाह के इस शुभ अवसर पर भगवान शालिग्राम की भव्य वर यात्रा (बारात) श्री मनःकामेश्वर मंदिर के परिक्रमा मार्ग से होकर निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
पारंपरिक गीतों के साथ निभाई गईं लगुन की रस्में
तुलसी-शालिग्राम विवाह की लगुन रस्म के दौरान महिला मंडल की प्रमुख सदस्याओं दीप्ति, कुमकुम, अनुभा, रानी, शिमला, अन्ना, रीता, नीता, रिंकी, मंजू और नीलिमा आदि ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर वैवाहिक रस्मों की शुरुआत की। इस दौरान पूरे मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही और वातावरण जयकारों से गुंजायमान रहा।


