लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गौतमबुद्ध नगर में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई और अत्याधुनिक नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘ग्रीन मोबिलिटी’ और बेहतर कनेक्टिविटी के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बसों पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के 17 नगर निगमों में वर्तमान में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ (अंतिम छोर तक पहुंच) को सुगम बनाने के लिए 15 जून तक 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। सरकार का लक्ष्य भविष्य में गौतमबुद्ध नगर में 500 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करना है। उन्होंने यह भी गर्व से उल्लेख किया कि अब यूपी में ही दो इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित हो चुके हैं और अब YEIDA क्षेत्र में तीन हाइड्रोजन बसों का संचालन भी शुरू किया जा रहा है।
कनेक्टिविटी का ‘नया उत्तर प्रदेश’
प्रदेश की सड़क सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के पास देश का सबसे शानदार रोड नेटवर्क है। 4 लाख किलोमीटर का नेटवर्क, बेहतरीन स्टेट हाईवे, एक्सप्रेसवे और इंटरस्टेट कनेक्टिविटी ने उत्तर प्रदेश को भारत के सबसे सुगम कनेक्टिविटी वाले राज्यों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
नोएडा एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए घोषणा की कि 15 जून से भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट—’नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ से वायु सेवाओं का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कनेक्टिविटी न केवल व्यापार को बढ़ावा देगी, बल्कि गौतमबुद्ध नगर को आर्थिक विकास का एक वैश्विक केंद्र भी बनाएगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार राज्य के सातों शहरों में मेट्रो संचालन के साथ-साथ अब सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह से पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में प्रतिबद्ध है।


