मुंबई। भारत के अग्रणी एकीकृत ऊर्जा संक्रमण समूहों में से एक, ‘अवादा ग्रुप’ ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक बेहद अनूठी पहल की है। मुंबई के जुहू गार्डन और लिंक रोड को जोड़ने वाले मुख्य चौराहे पर ‘सोलर इन फुल ब्लूम’ नामक एक विशिष्ट सार्वजनिक कलाकृति का अनावरण किया गया है। प्रसिद्ध कलाकार संगीता बबानी द्वारा रचित यह कलाकृति सौर ऊर्जा की असीम क्षमताओं और एक टिकाऊ भविष्य के प्रति जन-भागीदारी का प्रतीक है।
इस भव्य उद्घाटन कार्यक्रम में महाराष्ट्र के सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार और वरिष्ठ अभिनेता-निर्देशक अनुपम खेर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मुंबई नगर निगम की नगरसेविका हेतल गाला और अवादा ग्रुप की उपाध्यक्ष सुश्री सिंदुर मित्तल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
उद्घाटन के अवसर पर अवादा ग्रुप की उपाध्यक्ष सुश्री सिंदुर मित्तल ने कहा कि स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण का अर्थ केवल आधुनिक तकनीक या बुनियादी ढांचा नहीं है, बल्कि इसे शहरों के सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने का अभिन्न अंग बनाना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सार्वजनिक कलाकृति नागरिकों और प्रकृति के बीच एक नया संवाद स्थापित करेगी, जिससे पर्यावरण के प्रति चेतना और मजबूत होगी।
यह कलाकृति बुनियादी ढांचे से परे जाकर पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन के रूप में प्रस्तुत करती है। अवादा ग्रुप पहले भी ‘अवादा भारत उदय यात्रा’ जैसे अभियानों के जरिए देश भर में हरित ऊर्जा का संदेश फैला चुका है।
अब मुंबई के हृदय स्थल पर स्थापित यह कलाकृति न केवल शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रही है, बल्कि यह हर गुजरने वाले नागरिक को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए एक प्रेरणादायक राष्ट्रीय संदेश भी दे रही है।
-अनिल बेदाग


