आगरा में मनोरम ग्रुप ने अनोखे अंदाज में मनाई स्वतंत्रता दिवस की खुशियां: बजाज चेतक के 100 परिवारों को दिखाया गया ‘बटवारा’ फिल्म का विशेष शो

स्थानीय समाचार

आगरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनोरम ग्रुप द्वारा अपने चेतक ग्राहकों के लिए शुक्रवार को विशेष फिल्म शो का आयोजन किया गया। संजय प्लेस स्थित कॉसमॉस मॉल के गोल्ड सिनेमा में आयोजित इस विशेष शो में बजाज चेतक के 100 ग्राहकों को उनके परिवार सहित हिंदी फिल्म ‘बटवारा’ दिखाई गई। आयोजन का उद्देश्य ग्राहकों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करने के साथ उन्हें मनोरम ग्रुप के प्रति अपनेपन और सम्मान का अनुभव कराना रहा।

मनोरम ग्रुप के अध्यक्ष राम मोहन कपूर ने बताया कि ग्रुप द्वारा चलाए जा रहे लॉयल्टी कार्यक्रम के अंतर्गत यह विशेष आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ग्राहक किसी भी व्यवसाय की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनके साथ त्योहारों एवं विशेष अवसरों की खुशियां साझा करना ग्रुप की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी भावना के साथ बजाज चेतक के बोदला चौराहा स्थित शोरूम से जुड़े ग्राहकों के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिल्म के विशेष शो की व्यवस्था की गई।

उन्होंने बताया कि आयोजन में शामिल होने वाले ग्राहकों का आधार एवं केवाईसी सत्यापन कराया गया, जिसके बाद चयनित 100 ग्राहकों को परिवार सहित फिल्म देखने का अवसर प्रदान किया गया। परिवार के साथ फिल्म देखने पहुंचे ग्राहकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सिनेमा हॉल में पहुंचने पर ग्राहकों ने आयोजन के लिए मनोरम ग्रुप का आभार व्यक्त किया और इसे ग्राहकों के साथ जुड़ाव बढ़ाने वाला सराहनीय प्रयास बताया।

मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव कपूर ने कहा कि मनोरम ग्रुप केवल उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने ग्राहकों के साथ मजबूत और आत्मीय संबंध बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। लॉयल्टी कार्यक्रम के माध्यम से समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते हैं, जिनसे ग्राहकों को व्यवसायिक संबंधों से आगे परिवार जैसी आत्मीयता का अनुभव हो।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस फिल्म शो में मनोरम ग्रुप के ब्रांच हेड अनुराग जैन, मार्केटिंग डायरेक्टर कनिष्क श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित ग्राहकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर परिवार के साथ फिल्म देखने का यह अनुभव यादगार रहा। मनोरम ग्रुप द्वारा अपने ग्राहकों के लिए इस प्रकार के आयोजन किए जाने से ग्राहक और संस्थान के बीच विश्वास एवं जुड़ाव और मजबूत होता है।