आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षा मित्रों के मानदेय में की गई ऐतिहासिक वृद्धि का उत्सव मंगलवार को ताजनगरी के सूर सदन प्रेक्षागृह में ‘शिक्षा मित्र सम्मान समारोह’ के रूप में मनाया गया। इस भव्य कार्यक्रम में जनपद के 2442 शिक्षा मित्रों को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए गए मानदेय का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से हुए सजीव संबोधन को भी उपस्थित जनसमूह ने सुना।
2017 से पहले 3000, अब 18000: बेबी रानी मौर्य
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने शिक्षा मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले शिक्षा मित्रों को मात्र ₹3000 मानदेय मिलता था, जिसे योगी सरकार ने छह गुना बढ़ाकर ₹18000 कर दिया है। उन्होंने अपील की कि जिस प्रकार सरकार शिक्षकों का ध्यान रख रही है, उसी प्रकार शिक्षक ‘स्कूल चलो अभियान’ को सफल बनाएं और बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी दें।
शिक्षा पर निवेश ही सबसे बड़ा निवेश: प्रो. एसपी सिंह बघेल
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पीता है वही दहाड़ता है। उन्होंने शिक्षा मित्रों से इस बढ़े हुए मानदेय को अपने बच्चों की उच्च शिक्षा पर खर्च करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि आज हम बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देंगे, तो भविष्य में वे उच्च पदों पर आसीन होकर देश का नाम रोशन करेंगे।
नवाचार और प्रदर्शनी ने मोहा मन
सूर सदन प्रांगण में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘लर्निंग बाई डूइंग लैब’ के अंतर्गत एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें बच्चों द्वारा बनाए गए वैज्ञानिक नवाचार, नवीन शैक्षिक मॉडल और तकनीकी प्रदर्शनी का जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अवलोकन किया। अधिकारियों ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच और शिक्षकों के मार्गदर्शन की जमकर सराहना की।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक डॉ. धर्मपाल, एमएलसी श्री विजय शिवहरे, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह और बीएसए जितेन्द्र कुमार गोंड सहित शिक्षा विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

