आगरा में पेयजल संकट पर डीएम मनीष बंसल सख्त: लापरवाही मिली तो खैर नहीं, भीषण गर्मी में सुचारू सप्लाई के निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा: भीषण गर्मी की आहट के साथ ही ताजनगरी में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार को कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और जलकल विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने शहर की पेयजल स्थिति, गंगाजल परियोजना और एसटीपी (STP) निर्माण की वर्तमान स्थिति का बारीकी से प्रेजेंटेशन देखा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी।

​प्रोजेक्ट में देरी पर भड़के जिलाधिकारी

समीक्षा के दौरान डीएम मनीष बंसल ने ‘आगरा वाटर सप्लाई री-ऑर्गनाइजेशन स्कीम’ (ट्रांस यमुना जोन) की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। 1 अगस्त 2025 को शुरू हुए इस प्रोजेक्ट की प्रगति मात्र 22.5 प्रतिशत पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित 11 ओवरहेड टैंकों और डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क का कार्य हर हाल में 31 अगस्त 2027 तक पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने एडीएम नमामि गंगे को निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट में आ रही भूमि संबंधी बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए।

​गर्मी में पेयजल की नहीं होगी किल्लत

जिलाधिकारी ने जलकल विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के दृष्टिगत शहर के हर कोने में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए ताकि जनता को स्वच्छ पानी मिले। जिन कॉलोनियों या क्षेत्रों में पाइपलाइन की समस्या है, उन्हें चिह्नित कर वहां टैंकरों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पेयजल आपूर्ति न होने की किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी कर्मियों पर कार्रवाई होगी।

​यमुना में नहीं गिरेंगे नाले, एसटीपी निर्माण में आएगी तेजी

सीवरेज व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया गया कि शहर में वर्तमान में 12 पंपिंग स्टेशन और 12 एसटीपी कार्यरत हैं। डीएम ने यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए मंटोला, बल्केश्वर और भैरो नाला सहित शेष 38 नालों की टैपिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन एसटीपी के कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की डेडलाइन दी।

​बैठक में रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) ज़ुहैर बेग, अधिशासी अभियंता श्री एहतशामुद्दीन, महाप्रबंधक जलकल सहित जल निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।