आगरा: ताजनगरी के हृदय स्थल ‘सूरसदन प्रेक्षागृह’ में इन दिनों विश्व प्रसिद्ध जादूगर जूनियर ओ.पी. शर्मा के जादुई संसार का जादू शहरवासियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। 25 अप्रैल से शुरू हुए इस जादुई सफर में एक नया और रोमांचक अध्याय जुड़ने जा रहा है। शहर के पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या के बीच उन्हें मनोरंजन का एक अनूठा अनुभव प्रदान करने के लिए आगामी 8 मई 2026, शुक्रवार को एक विशिष्ट शो का आयोजन किया जा रहा है।
यह विशेष जादुई शाम ‘ताज प्रेस क्लब’ के सम्मानित सदस्यों और उनके परिजनों को समर्पित होगी। इस विशिष्ट आयोजन की रूपरेखा ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा एवं उनकी कार्यकारिणी के विशेष अनुरोध पर तैयार की गई है। क्लब से जुड़े सभी पत्रकार साथियों को इस ‘इंद्रजाल’ की दुनिया का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है, जहाँ वे अपने परिवार के साथ जूनियर ओ.पी. शर्मा की अद्भुत कला का लुत्फ उठा सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस विशेष शो को और भी अधिक गरिमामयी बनाने के लिए कुछ चुनिंदा आमंत्रित दर्शकों को भी शामिल किया जाएगा। मंच पर अपने जादूई इंद्रजाल और आधुनिक जादुई ट्रिक्स के जरिए जूनियर ओ.पी. शर्मा दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर देंगे।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल से लगातार चल रहा यह शो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में उमड़ रही भीड़ इस बात का प्रमाण है कि शहर में जादू की कला के प्रति भारी उत्साह है। 8 मई को होने वाला यह खास शो पत्रकारों के लिए न केवल मनोरंजन का जरिया होगा, बल्कि एक यादगार सामूहिक मिलन का अवसर भी बनेगा।


