पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का नया संगम: दिग्गज निर्देशक के.सी. बोकाडिया बोले- ‘आपसी रिश्तों की अहमियत मजबूत करेगा संस्कार’

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। बड़े पर्दे पर एक से बढ़कर एक यादगार और सुपरहिट फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिग्गज फिल्ममेकर के.सी. बोकाडिया अब छोटे पर्दे पर अपने पारिवारिक धारावाहिक ‘संस्कार’ के माध्यम से टेलीविजन दर्शकों का मन मोह रहे हैं। डीडी नेशनल पर प्रसारित हो रहे इस शो को मिल रहे अपार प्यार, लोकप्रियता और सकारात्मक सराहना के बीच उन्होंने मुंबई में मीडियाकर्मियों के साथ केक काटकर धारावाहिक की सफलता का जश्न मनाया और अपनी दिल से खुशी जाहिर की।

​पारिवारिक मूल्यों, भारतीय सनातन संस्कृति और जीवन के आदर्शों पर आधारित यह धारावाहिक दर्शकों के बीच अपनी एक खास और अलग पहचान स्थापित कर चुका है। ‘संस्कार’ का नियमित प्रसारण डीडी नेशनल (DD National) पर सोमवार से शुक्रवार रात 8 बजे किया जाता है। ‘बीएमबी प्रोडक्शंस’ के प्रतिष्ठित बैनर तले निर्मित यह एक भव्य मल्टी-स्टारर फैमिली ड्रामा है।

इस धारावाहिक का लेखन और निर्देशन स्वयं के.सी. बोकाडिया ने किया है, जबकि इसके निर्माण की कमान राजेश बोकाडिया और के.सी. बोकाडिया ने संयुक्त रूप से संभाली है। इस धारावाहिक में भारतीय अभिनय जगत के तीन दर्जन से भी अधिक नामचीन कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं, जिनमें दर्शन जरीवाला, जरीना वहाब, अमन वर्मा, मुग्धा गोडसे, राकेश बेदी, पंकज बेरी, महेश ठाकुर, सुप्रिया कार्निक और राजेश खेरा जैसे दिग्गज सितारे मुख्य भूमिकाओं में शामिल हैं।

​दर्शकों का प्यार और पुरानी संस्कृति का असर

​इस खास मौके पर अपनी बात रखते हुए वरिष्ठ निर्देशक के.सी. बोकाडिया ने कहा, “आज के दौर में भी लोग पुरानी फिल्में और कालजयी संगीत सुनना इसलिए ज्यादा पसंद करते हैं क्योंकि उनमें सच्चा भारतीय परिवेश, हमारी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों की जीवंत झलक मिलती है। हमारा धारावाहिक ‘संस्कार’ दर्शकों को उन्हीं पुराने पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों की याद दिलाता है। हर नए एपिसोड के प्रसारण के बाद देश के कोने-कोने, हर राज्य, शहर और छोटे-छोटे गांवों से सैकड़ों फोन कॉल और मैसेज प्राप्त होते हैं। लोग ‘संस्कार’ के संवादों, बेहतरीन सिनेमैटोग्राफी, लोकेशंस और इसकी मर्मस्पर्शी कहानी की जमकर सराहना कर रहे हैं।”

​मीडिया के साथ सफलता का केक काटते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि यह धारावाहिक आज के आधुनिक युग में परिवारों के बीच आपसी प्रेम, एक-दूसरे के प्रति सम्मान और रिश्तों की मौलिक अहमियत को और ज्यादा मजबूत करने में मददगार साबित होगा।