मथुरा: श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर भगवान जगन्नाथ महोत्सव हुआ प्रारंभ, जगन्नाथ स्वामी के जयकारों से गूंजा परिसर

Religion/ Spirituality/ Culture

इस संबंध में श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा तद्नुसार आज 04 जून 2023 रविवार की सांय 5 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य श्रीभागवत भवन मंदिर में स्थित भगवान श्रीजगन्नाथ जी का शास्त्रों के अनुरूप वैदिक मंत्रोच्चारण एवं झांझ, मजीरों की ध्वनि के मध्य विधि-विधान से गौदुग्ध, घृत, शर्करा, षहद एवं दही आदि  से अभिषेक कर स्नानयात्रा अनुष्ठान की पूजा सेवा संपन्न हुई।

ऐसी मान्यता है कि भगवान इस स्नानयात्रा के बाद बीमार हो जाते हैं। अब भगवान जगन्नाथ जी स्वास्थ लाभ करेंगे। इस मान्यता के साथ ही भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन भक्तों को आगामी 15 दिन तक नहीं होंगे। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया तद्नुसार  दिनांक 20 जून 2023 को भगवान जगन्नाथ जी, अपने बड़े भाई बलभद्र जी एवं बहन सुभद्रा जी के साथ रथ में विराजमान होकर यात्रा करते हुऐ नगर में भ्रमण को निकलेंगे।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य श्री गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, उप मुख्य अधिशाषी श्री अनुराग पाठक, मंदिर के पूजाचार्यगण श्री विन्ध्येश्वरी प्रसाद अवस्थी, श्री रामअवतार अवस्थी, श्री ब्रह्मान्नद मिश्रा, श्री प्रशान्त कुमार शतपथी, श्री सनातन पण्डा आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

ज्ञातव्य हो कि देश-दुनिया में भगवान जगन्नाथ जी के मंदिरों में ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा से भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारम्भ हो जाता है।