श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से मानवता और रिश्तों को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बनकटवा कला गांव में सिर्फ इस बात पर एक ससुर ने अपनी आठ महीने की गर्भवती बहू की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी, क्योंकि वह टीकाकरण (वैक्सीनेशन) कराने के लिए अपने मायके जाना चाहती थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके जाकर टीका लगवाने की जिद पर हुआ था विवाद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतका की पहचान लगभग 20 वर्षीय सबीना के रूप में हुई है, जो आठ महीने से गर्भवती थी। उसका पति परिवार के भरण-पोषण के लिए दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है। बुधवार सुबह सबीना ने अपने ससुर निरामली से स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण के सिलसिले में अपने मायके जाने की इच्छा जताई।
लेकिन ससुर निरामली का कहना था कि मायके जाने की कोई आवश्यकता नहीं है, टीकाकरण नजदीक के ही सिरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में ही करवा लिया जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई।
गुस्से में ससुर ने सिर पर बरसाए डंडे
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान गुस्साए ससुर ने आपा खो दिया और घर में रखे डंडे से सबीना के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस बर्बर हमले में गर्भवती बहू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सिरसिया थाना प्रभारी दीपक कुमार दुबे भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने भी गांव का दौरा कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी ससुर गिरफ्तार, तहरीर मिलने पर दर्ज होगी FIR
अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतका मायके जाकर टीका लगवाना चाहती थी, जिसे लेकर हुए मामूली विवाद में यह खौफनाक कदम उठाया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी ससुर निरामली को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष की ओर से मिलने वाली लिखित तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
