आगरा में अक्षत कलश यात्रा का भव्य स्वागत, गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ बनाने के लिए 27 अप्रैल को देशव्यापी आंदोलन, तहसीलों में जुटेंगे संत

विविध

आगरा: ताजनगरी में गुरुवार को ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत वृंदावन से आई अक्षत कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में आयोजित इस कार्यक्रम में गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने और देशव्यापी गौहत्या प्रतिबंध की मांग को लेकर एक निर्णायक आंदोलन का आह्वान किया गया।

5400 तहसीलों में होगा अहिंसक प्रदर्शन

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी साध्वी श्याम गोपाल सरस्वती ने बताया कि यह अभियान केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि गौ-संरक्षण के लिए एक राष्ट्रव्यापी जागृति है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 27 अप्रैल को देश की लगभग 5400 तहसीलों में संतों के सानिध्य में विशाल जनसमूह एकत्र होगा और सरकार के समक्ष अपनी मांगें बुलंद करेगा।

​अभियान की प्रमुख मांगें:

तहसील प्रभारी धर्मवीर सिंह ने अभियान की प्रमुख मांगों को स्पष्ट करते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों से गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गौ रक्षा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने और देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है।

अभियान की संयोजक हिमानी चतुर्वेदी ने बताया कि गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, अनुदान व्यवस्था और शिक्षा व चिकित्सा संस्थानों में गौ आधारित उत्पादों के उपयोग को लेकर भी सरकार से विशेष आग्रह किए जा रहे हैं।

पीले अक्षत बांटकर दिया ‘आंदोलन’ का न्योता

कार्यक्रम के दौरान अभियान के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं को पीले अक्षत वितरित किए गए। एडवोकेट आशुतोष श्रोत्रिय ने स्पष्ट किया कि यह किसी विशेष संस्था का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समस्त गौ-भक्तों का सामूहिक प्रयास है। कार्यक्रम में मौजूद राजदीप ग्रोवर, धीरज शर्मा और रवि सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी तहसीलों में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।