आगरा में ‘स्वस्थ भारत’ का संकल्प: खंदारी में 100 से अधिक मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार, 50 बुजुर्गों के बने आयुष्मान कार्ड

विविध

आगरा: पंडित दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट और मंगल कामना हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को खंदारी स्थित अस्पताल परिसर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से न केवल आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श मिला, बल्कि दर्जनों वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी स्वास्थ्य योजना का सुरक्षा कवच भी प्रदान किया गया।

वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट ने दी सलाह: लक्षणों को न करें नजरअंदाज

शिविर में वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनायक वाजपेई ने गुर्दे (किडनी) की पथरी, प्रोस्टेट, पेशाब की नली और मूत्राशय से संबंधित बीमारियों से पीड़ित 100 से अधिक मरीजों की जांच की। डॉ. वाजपेई ने मरीजों को जागरूक करते हुए कहा, “पेशाब में खून आना, बार-बार पेशाब लगना या दर्द को कभी भी मामूली समझकर नजरअंदाज न करें। यह गंभीर बीमारी या कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है।” शिविर में मरीजों को सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांचों पर भारी छूट भी दी गई।

वरिष्ठ नागरिकों को मिला आयुष्मान का साथ

स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ शिविर का मुख्य आकर्षण आयुष्मान कार्ड कैंप रहा। केंद्र सरकार की योजना के तहत 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के मौके पर ही निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए। ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक ने बताया कि उनका लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

​शिविर का भव्य शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन मंगल कामना हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. शेखर वाजपेई और विवेक पाठक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस सेवा कार्य में डॉ. निशा शर्मा, डॉ. शिवानी गुप्ता, प्रतिभा जिंदल और राजेश चतुर्वेदी सहित शहर के कई गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

​इनकी रही प्रमुख उपस्थिति:

कोषाध्यक्ष मुकेश नेचुरल, अभिषेक पाठक, डॉ. सतीश खिरवार, सोहम चतुर्वेदी, आशुतोष श्रोत्रिय एडवोकेट और प्रमोद अग्रवाल ने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।