आगरा: ताजनगरी के कमला नगर क्षेत्र में अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पीएनसी परिवार, आगरा के तत्वावधान में डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में नौ दिवसीय ‘श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान’ का भव्य शुभारंभ मंगलवार को एक विशाल घटयात्रा और श्रीजी की रथयात्रा के साथ हुआ।
संत शिरोमणि मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन और आकाश जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन पूरा कमला नगर क्षेत्र जिनेंद्र भगवान के जयकारों और भक्ति धुनों से गूंज उठा।
डेढ़ सौ महिलाओं ने सिर पर धारण किए मंगल कलश
प्रातःकाल मंदिर परिसर से गाजे-बाजे और भक्ति संगीत के बीच भव्य घटयात्रा और श्रीजी की रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। इस यात्रा में लगभग डेढ़ सौ महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर सिर पर मंगल कलश धारण कर बढ़-चढ़कर सहभागिता की। यात्रा में शामिल चार भव्य बैंडों की मधुर धार्मिक धुनें, आकर्षक बग्घी और सजे-धजे ऊंट व घोड़ों ने इस शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। डी-ब्लॉक कमला नगर के विभिन्न मार्गों और भवनों की परिक्रमा करती हुई यह यात्रा वापस आयोजन स्थल पर संपन्न हुई।
ध्वजारोहण और मंडप उद्घाटन के साथ विधान का श्रीगणेश
यात्रा के आयोजन स्थल पर पहुंचने पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मांगलिक ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसके पश्चात मंडप का उद्घाटन किया गया। ध्वजारोहण के साथ ही नौ दिवसीय इस महानुष्ठान के निर्विघ्न और मंगलमय संपन्न होने की कामना की गई। इसके बाद श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चन और विधान की अन्य मांगलिक क्रियाएं संपन्न हुईं, जहाँ श्रद्धालुओं ने अटूट भक्तिभाव से अर्घ्य समर्पित कर पुण्यार्जन किया।
परिणामों की विशुद्धि से ही शुद्धता संभव: मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज
इस अवसर पर अपने अमृतमय प्रवचन में मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने कहा कि अनंत काल से जगत के जीव अशुद्धि का वेदन कर रहे हैं, लेकिन वे यह नहीं जानते कि अशुद्ध से शुद्ध कैसे हुआ जाता है। संसार के परिभ्रमण से बचने के लिए परिणामों की विशुद्धि की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने जैन कुल में जन्म लेने के सौभाग्य का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व के पुण्यों के बिना जिन कुल में जन्म और जिनेन्द्र भगवान की आराधना का योग नहीं मिलता।
मुनिश्री ने पीएनसी परिवार की धार्मिक निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि सांसारिक वैभव, यश और धन बहुत सामान्य बातें हैं, लेकिन सबसे बड़ा पुण्यशाली वह है जो जिन कुल में जन्म लेकर भगवान की आराधना में लीन रहता है।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रदीप जैन (PNC), राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, वैभव जैन, मनोज जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, मीना जैन, रेनू जैन, आशिता जैन, माधवी जैन, ईशू जैन, निधि जैन, पलक जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन, आयुषी जैन, प्रियंका जैन सहित समस्त पीएनसी परिवार और ग्रेटर कमला नगर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी शुभम जैन व राहुल जैन ने बताया कि 17 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस नौ दिवसीय विधान में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति, मंगल प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत है।


