लकुटी हाथ, ग्वाल-बाल साथ… आगरा में गोपाष्टमी पर निकली भव्य गौचारण यात्रा, श्रीकृष्ण-बलदाऊ के स्वरूप ने मोहा मन

विविध

आगरा। हाथों में लकुटी, साथ में ग्वाल-बाल और गायों के बीच गौचारण करते भगवान श्रीकृष्ण… ब्रज की इस अनुपम छवि ने गोपाष्टमी पर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री कृष्णलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्णलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को भव्य गौचारण यात्रा निकाली गई। श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी की सवारी, भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी तथा बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गौमाता के पूजन और जयकारों से मार्ग पर जगह-जगह भक्तिमय वातावरण बन गया।

गौचारण यात्रा का शुभारंभ बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला प्रांगण में गौपूजन के साथ हुआ। रवि प्रकाश अग्रवाल एवं समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी की आरती उतारी तथा गौमाता का पूजन किया। इसके बाद बैंड-बाजों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की झांकी और श्रीकृष्ण-बलदाऊ जी की सवारी के साथ यात्रा आगे बढ़ी। गौचारण करते भगवान के स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

यात्रा आईटीआई कॉलेज, बल्केश्वर चौराहा, शांति स्वीट चौराहा, कमला नगर सिटी मॉल के सामने होते हुए पानी की टंकी और कमला नगर मेन मार्केट चौराहा पहुंची। इसके बाद बृज रसायनम्, कमला नगर पर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा का दर्जनों स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती और गौपूजन के साथ स्वागत किया गया। पार्षद पूजा बंसल और राजेंद्र गुप्ता ने भव्य स्वागत किया।

अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि ब्रज संस्कृति में गोपाष्टमी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल अष्टमी को भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बड़े भाई बलराम जी के साथ गायों को चराने जाना प्रारंभ किया था। इसी दिन से उनका नाम गोपाल भी प्रसिद्ध हुआ। गौचारण लीला के माध्यम से समिति ने गौसेवा, गौसंरक्षण और भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व का संदेश दिया।

सरस्वती शिशु मंदिर की अध्यापिकाओं एवं बच्चों ने भी यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, अतुल गुप्ता, नीरू गोयल, निशि नेहरू, सुजाता अग्रवाल, सलोनी नेहरू, महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा, पंकज शास्त्री, विकास, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, विजय रोहतगी, शेखर गोयल, संजीव नेहरू, मनोज अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, विनीत सिंघल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, लक्ष्मण शर्मा, मनीष शर्मा आदि उपस्थित रहे।