G20 Summit in Agra: आज शाम आएंगे G-20 के मेहमान, कार्यक्रम हुआ जारी

स्थानीय समाचार

आगरा: जी-20 समिट को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पूरा प्लान जारी कर दिया गया है। जी-20 समिट में भाग लेने के लिए आगरा आ रहे विदेशी मेहमान आज शाम को आ जाएंगे। उनके आगरा आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने भी स्वागत सत्कार की पूरी तैयारियां कर ली है और उनकी कार्यक्रम का प्लान भी जारी कर दिया है।

आज शाम आएंगे मेहमान

जिला प्रशासन की ओर से जो जानकारी प्राप्त हुई है उसके अनुसार G-20 समिट में भाग लेने के लिए आगरा रहे विदेशी मेहमान आज शाम 5:00 बजे आगरा खेरिया के एयरपोर्ट पर पहुंच जाएंगे। वहां से वह अपने होटलों के लिए रवाना होंगे। होटल ताज कन्वेंशन और ताज व्यू, फतेहाबाद रोड पर प्रतिनिधियों के ठहरने का इंतजाम किया गया है। इस दौरान उनका जोरदार स्वागत सत्कार किया जाएगा।

खेरिया एयरपोर्ट पर होगा शाही स्वागत

जी-20 समिट में भाग लेने के लिए आगरा आ रहे विदेशी मेहमानों का स्वागत सबसे पहले इंडिया के एयरपोर्ट पर ही किया जाएगा। उसके बाद जैसे ही वह रवाना होंगे तो एयरपोर्ट से निकलते ही वीआईपी रूट पर सबसे पहला स्वागत उनका सेल्फी प्वाइंट खेरिया मोड़ चौराहे पर होगा। यहां पर अतिथि स्वागत सत्कार के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। एक मंच बना दिया गया है, जहां से उनका स्वागत किया जाएगा। पुष्प वर्षा होगी साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उनके स्वागत के लिए रखे गए हैं।

11 फरवरी का है यह प्लान

जी-20 समिट में भाग लेने के लिए आगरा आ रहे विदेशी मेहमानों का 11 फरवरी का प्लान भी जारी कर दिया गया है। सुबह 7.30 बजे से 8.15 बजे तक वह योग करेंगे। उसके बाद सुबह नौ से 10 बजे तक ब्रेकफास्ट विद पावर वूमेन के साथ होगा। 10:15 बजे से 12 बजे तक, होटल ताज कन्वेंशन में महिला सशक्तिकरण पर कार्यशाला आयोजित होगी जिसमें पहला सत्र छवि राजपूत और सी गुलाटी संबोधित करेंगी। फिर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्म्रति ईरानी संबोधित करेंगी। डिजिटल स्किल्स पर भी कार्यशाला होगी। शाम चार बजे तक अलग अलग सत्र होंगे।

शाम 6 बजे करेंगे आगरा किला विजिट

जी- 20 समिट कार्यशाला में प्रतिभाग करने के बाद सभी विदेशी मेहमान आगरा किला भ्रमण के लिए जाएंगे। आगरा किले में सभी विदेशी मेहमानों का शाही अंदाज में स्वागत सत्कार किया जाएगा। इसके लिए एएसआई विभाग की ओर से भी व्यवस्थाओं को अभी से दुरुस्त बनाए जा रहा है।

इसको लेकर एएसआई के पुरातत्वविद अधीक्षण राजकुमार पटेल ने बताया कि जी20 मेहमानों का आगरा किला में शाही स्वागत सत्कार किया जाएगा। विदेशी मेहमानों पर गुलाब के फूलों की बारिश की जाएगी।

12 फरवरी का है यह प्लान

जी-समिट के दूसरे दिन यानी 12 फरवरी को सुबह 7.30 बजे से 8.15 बजे तक विदेशी मेहमान योग करेंगे। 9 से 10 बजे तक होटल ताज कन्वेंशन में ब्रेकफास्ट होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक दुनिया में महिलाओं की स्थिति पर चर्चा होगी और यह चर्चा कई घंटो तक चलेगी।

4 बजे करेंगे ताजमहल का दीदार

जी-20 मेहमान 12 फरवरी को मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करेंगे। इसके चलते 12 तारीख को ताजमहल आम पर्यटकों के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। इसकी सूचना भी एएसआई विभाग ने पहले से ही जारी कर दी है।

13 फरवरी को होगी रवानगी

जी-20 मेहमान 13 फरवरी को आगरा से रवाना हो जाएंगे। जब उनकी रवानगी होगी तो उनका अतिथि सत्कार करके रवानगी की जाएगी।