31 दिसंबर से एक बार फिर सर्दी और कोहरा कर सकता है परेशान, यलो अलर्ट जारी

Regional

कोहरे से होगा नए साल का स्वागत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि तेज गति की हवाओं ने कोहरे की चादर को हटा दिया, शुक्रवार तक विजिबिलिटी कि स्थिति अच्छी रहने का संभावना है। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में ‘शीत लहर’ या ‘कोल्ड डे’ की स्थिति के साथ कोहरे की स्थिति फिर से लौट सकती है।

आईएमडी के सीनियर मौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने कहा, ‘फिलहाल कोहरे की सटीक तीव्रता और अवधि का अनुमान लगाना मुश्किल है।’ उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के आने से बुधवार को हवा की गति 22 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे कोहरा और बादल छंट गए, जिससे विजिबिलिटी में सुधार हुआ और अच्छी धूप भी खिली।

राजधानी में ठंड से हल्की राहत

बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी इजाफा हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 6.3 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 37 से 92 प्रतिशत तक रहा। हालांकि कुछ जगहों पर तापमान अब भी 4 से 5 डिग्री के आसपास ही बना रहा।

रिज में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री, आया नगर में 5.4 डिग्री और जाफरपुर में 4.5 डिग्री तक रहा। वहीं लोदी रोड में 23 डिग्री, पीतमपुरा में 23.7 डिग्री और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 23.3 डिग्री रहा। सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में न्यूनतम तामपन भी 10.5 और पीतमपुरा में 10.1 डिग्री रहा।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्का कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 8 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद 30 दिसंबर को भी तापमान इसी तरह का बना रहेगा। 31 दिसंबर से ठंड एक बार फिर अपने पांव फैलाना शुरू कर देगी। 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास दर्ज होगा। इसके बाद नए साल के पहले तीन दिन अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 31 दिसंबर से घना कोहरा भी वापसी कर सकता है। इसे लेकर 30 दिसंबर से 3 जनवरी तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Compiled: up18 News