फिरोजाबाद: पुलिस ने मुठभेड़ में दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Crime

फिरोजाबाद पुलिस ने मुठभेड़ में दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी की पहचान एका थाने में तैनात महिला कांस्टेबल की मदद से हो सकी थी। दो दिन पूर्व छह वर्षीय बालिका के दुष्कर्म हुआ था। घटना के बाद से बच्ची काफी डरी हुई थी। महिला कांस्टेबल दो दिन तक बालिका के साथ रही और काउंसलिंग करती रही। इस बीच बालिका को कई आरोपियों के फोटो भी दिखाए। बालिका द्वारा आरोपी का फोटो पहचानने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।

एका थाना क्षेत्र की रहने वाली छह वर्षीय बालिका को 23 अप्रैल की दोपहर उस वक्त आरोपी ने रास्ते से अगवा कर लिया था, जब वह पिता के साथ राशन लेकर घर जा रही थी। बच्ची के गायब होने की जानकारी पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु कर दी, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं लगा। करीब दो घंटे बाद बच्ची खून से लथपथ घर पहुंची। बच्ची की हालत देख परिजन दंग रहे गए। बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची का डॉक्टरी परीक्षण कराने के साथ ही अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

बालिका द्वारा आरोपी की पहचान होने के साथ ही महिला कांस्टेबल की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि बच्ची का उपचार आगरा में चल रहा है। इस घटना का खुलासा महिला कांस्टेबल के सहयोग से हो सका है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। महिला कांस्टेबल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।