हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा श्री खाटू श्याम जी मंदिर, शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु

विविध

आगरा। श्रावण माह के पावन अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, जीवनी मंडी द्वारा मंगलवार को मंदिर परिसर स्थित श्री श्यामेश्वर महादेव का महारुद्र अभिषेक एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों और शिव भजनों से मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिरस में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता कर बाबा श्यामेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सावन महोत्सव के अंतर्गत श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे 108 रुद्राभिषेक के क्रम में महारुद्र अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का पंचामृत एवं पवित्र जल से अभिषेक कर विधिविधान से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और सर्वकल्याण की प्रार्थना की।

महारुद्र अभिषेक के पश्चात रात्रि नौ बजे से भव्य भजन संध्या प्रारंभ हुई। जैसे ही भजन गायकों ने भोलेनाथ की महिमा का गुणगान शुरू किया, श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

“हर हर शंभू, शिव महादेवा…”, “भोले की भक्ति में जो रम जाए…”, “बम बम भोले, हर हर भोले…” और “शिव कैलाशों के वासी…” जैसे शिव भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कहीं श्रद्धालु शिव नाम का संकीर्तन करते दिखाई दिए तो कहीं भोलेनाथ की भक्ति में महिलाएं एवं पुरुष तालियां बजाते हुए भजनों का आनंद लेते रहे। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “जय श्री श्याम” के जयकारे गूंजते रहे। शिव भक्ति और श्याम भक्ति का अद्भुत संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

महाआरती मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य श्याम मुरारी शर्मा (श्याम भैया जी) ने की।

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्रावण माह भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इसी भावना के साथ श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में सावन महोत्सव के अंतर्गत 108 रुद्राभिषेक किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महारुद्र अभिषेक और भजन संध्या का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना से जोड़ना और सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। सावन में श्रद्धा से किया गया जलाभिषेक और रुद्राभिषेक भक्तों के जीवन में शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है। भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख-शांति बनी रहे, यही प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अनूप गोयल, आकाश गुप्ता, प्रबल गोयल, पंकज अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।