आगरा: ताज़ प्रेस क्लब के महासचिव उपेंद्र शर्मा का हुआ निधन, पत्रकार जगत में शोक

Press Release

आगरा। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में पत्रकारिता विभाग के शिक्षक एवं ताज प्रेस क्लब के महासचिव उपेंद्र शर्मा का आज निधन हो गया। बताते चलें कि उपेंद्र शर्मा लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और बीते दिन सोमवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक ब्रेन हेमरेज के चलते उनका निधन हुआ है।

उपेंद्र शर्मा के निधन के बाद आगरा शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर मोतीलाल नेहरू रोड स्थित ताज प्रेस क्लब पर एक आपात बैठक हुई जिसमें क्लब के महासचिव उपेंद्र शर्मा के निधन पर सभी पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। क्लब के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि उनका निधन से न केवल प्रेस क्लब बल्कि पत्रकार जगत की एक अपूर्णनीय क्षति है। वह जीवट व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने बताया कि ताज़ प्रेस क्लब द्वारा शीघ्र ही शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। बैठक में पूर्व अध्यक्ष राजीव सक्सेना एवं विनोद भारद्वाज, पूर्व महासचिव संजय तिवारी और प्रभारी सचिव के पी सिंह ने भी शोक प्रकट किया।

इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यमों से भी तमाम पत्रकारों, विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षक और छात्र संघ के पदाधिकारियों ने भी उपेंद्र शर्मा के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।