आगरा: गुदड़ी मंसूर खां में सिलेंडर लीकेज होने से लगी आग, युवक की मौत, परिवार में कोहराम

Crime

आगरा: थाना छत्ता क्षेत्र के गुदड़ी मंसूर खां इलाके में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। घर में ही सिलेंडर फट गया। आग की चपेट में आए युवक की मौत हो गई। उसके पिता झुलस गए। वह गंभीर हैं। अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि युवक की पत्नी और बच्चे बच गए।

छत्ता थाना प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि प्रदीप और उसके पिता टिकिया बेचने का काम करते थे। गुरुवार दोपहर एक बजे करीब हादसा हुआ। वह दोनों घर में ही टिकिया बना रहे थे। तभी सिलेंडर में लीकेज हो गई। जब तक वह कुछ समझते आग लग गई। दोनों ने आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक कमरे में रखे कपड़े और फर्नीचर के सामान ने आग पकड़ ली। लपटें तेज हो गईं।

वहां चीख पुकार मच गई। प्रदीप की पत्नी और बच्चे घर से बाहर भागे। प्रदीप अंदर कमरे में छिप गया। पिता झुलस गए। तब तक पड़ोसी भी आ गए। आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस भी आ गई। तब प्रदीप को कमरे से बाहर निकाला गया। घरवाले उसे अस्पताल ले गए, वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।