आगरा कॉलेज में शिक्षक-कर्मचारी के बीच हुआ विवाद, लॉ परीक्षा रोकने की दी चेतावनी

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा कॉलेज में सभी कर्मचारी धरने पर बैठ गए। एक कर्मचारी ने शिक्षक पर उसे चांटा मारने का आरोप लगाया है जिसके बाद शिक्षक के खिलाफ सभी कर्मचारी लामबंद हो गए और कॉलेज को बंद कर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित कर्मचारियों ने दूसरी पाली में होने वाली परीक्षा न होने देने की चेतावनी भी दी है।

बताते चलें कि आगरा कॉलेज की महिला विंग में लॉ की परीक्षाएं चल रही हैं। सुबह की पाली में परीक्षा के दौरान शिक्षक डॉ मुअज्जम खान ने संविदा कर्मचारी नरेंद्र से अटेंडेंस रजिस्टर मंगवाया। कर्मचारी ने उन्हें रजिस्टर दिया। कर्मचारी का आरोप है कि थोड़ी देर बाद डॉ मुअज्जम खान कंट्रोल रूम में आए और गलत रजिस्टर देने की बात कहते हुए उसे चांटा मार दिया। कर्मचारी ने अपने साथियों को इस घटना की जानकारी दी जिसके बाद सभी ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आक्रोशित कर्मचारियों ने प्रथम पाली की परीक्षा के बाद सभी कक्षाओं के दरवाजे बंद कर दिए। इसे लेकर शिक्षक और कर्मचारियों में नोकझोंक भी हुई। कर्मचारियों ने शिक्षक पर कार्रवाई न होने तक दूसरी पाली की परीक्षा न होने देने की बात कही है।

कर्मचारियों का कहना है कि शिक्षक डॉ मुअज्जम खान का कर्मचारियों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। कॉपी जांचने के दौरान गड़बड़ी करने के लिए उन्हें 5 साल के लिए डिबार किया जा चुका है लेकिन सेटिंग करके फिर से परीक्षा के कार्य में आ गए हैं।