महोबा BJP में ‘डर्टी पॉलिटिक्स’: महिला नेता ने जिलाध्यक्ष पर लगाया पद के बदले अस्मत मांगने का आरोप

Politics

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर एक शर्मनाक विवाद ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। पार्टी की एक पूर्व जिला मंत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर पद के बदले शारीरिक संबंध बनाने की मांग करने का बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला नेत्री ने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी आपबीती साझा की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एक तरफ भाजपा नारी वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर हमलावर है तो दूसरी तरफ पार्टी की ही महिला नेत्री का वीडियो वायरल होने और संगीन आरोपों से पार्टी के भीतर खलबली मची हुई है।

फेसबुक लाइव पर किए चौंकाने वाले खुलासे

महिला नेत्री ने फेसबुक लाइव आकर अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि हाल ही में जिले की नई टीम का गठन हुआ था। जब उन्होंने उच्च पद (जिला उपाध्यक्ष) के लिए जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा से बात की तो उन्होंने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। महिला नेत्री के अनुसार, जिलाध्यक्ष ने उनसे कहा कि यदि मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना दूं, तो आप मुझे बदले में क्या देंगी? महिला ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला दिया, जिस पर जिलाध्यक्ष ने कथित तौर पर कहा कि “इशारों को समझिये, आपके पास देने को बहुत कुछ है। एक बार मेरे साथ हमबिस्तर होना पड़ेगा, फिर आपको मेरे साथ लखनऊ और दिल्ली चलना होगा और किसी को शक भी नहीं होगा।

अन्य पदाधिकारियों पर भी मिलीभगत का आरोप

महिला नेत्री का आरोप केवल जिलाध्यक्ष तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पंकज तिवारी ने भी उनसे कहा कि “भाभी, जिलाध्यक्ष जी की बात मान जाओ, वो शायद आपको जिला महामंत्री बनवा दें। इसके अलावा, उन्होंने एक अन्य महामंत्री जयपाल पर रात के समय फोन करके जिलाध्यक्ष के प्रस्ताव को स्वीकार करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला नेत्री ने यह भी बताया कि उनके पति को फर्जी दुष्कर्म केस में जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।

जिलाध्यक्ष ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र

इन गंभीर आरोपों पर सफाई देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने इन्हें सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी बढ़ती राजनीतिक छवि को खराब करने के लिए एक गहरा षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। वहीं, आरोपी जिला उपाध्यक्ष पंकज तिवारी ने भी इन आरोपों को मनगढ़ंत बताया है।

पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार

महिला नेत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इन धमकियों से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने निर्णय लिया है कि वे पुलिस अधीक्षक (SP) से लिखित शिकायत कर मामले की उच्च स्तरीय जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी।

विपक्ष का हमला: ‘बेटी बचाओ’ का नारा बना हथियार

इस घटना के बाद विपक्षी दलों को भी सरकार और सत्ताधारी दल को घेरने का मौका मिल गया है। इसका वीडियो कांग्रेस पार्टी ने अपने अधिकारिक एक्स पर शेयर कर लिखा कि भाजपा से ‘बेटी बचाओ’। पार्टी ने लिखा कि तथाकथित ‘संस्कारी’ पार्टी का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया है। महोबा के भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने अपनी ही पार्टी की महिला नेता से पद के बदले अस्मत का सौदा करने की घिनौनी कोशिश की। जब बात नहीं बनी, तो जिला पंचायत टिकट का लालच दिया। क्या यही भाजपा के ‘संस्कार’ हैं? जिस पार्टी में उनकी अपनी महिला नेता सुरक्षित नहीं हैं, वहां आम महिलाएं न्याय की उम्मीद कैसे करें?

एक तरफ भाजपा नेतृत्व नारी शक्ति के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करता है, वहीं दूसरी तरफ जमीन पर उनके पदाधिकारी महिलाओं को केवल ‘वस्तु’ समझकर सौदेबाजी कर रहे हैं। शर्मनाक!

BJP का DNA ही महिला विरोधी है

कांग्रेस पार्टी ने लिखा कि BJP का जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा BJP की महिला नेता से पद देने के बदले सेक्स मांग रहा है। मोहनलाल कुशवाहा ने महिला नेता से कहा कि ‘मेरे साथ हमबिस्तर हो जाओ, तुम्हें जिला उपाध्यक्ष बना दूंगा’महिला के विरोध करने पर BJP नेता ने ऑफर बढ़ाकर जिला पंचायत का टिकट देने की बात भी कही।

महिलाओं के लिए ऐसी घिनौनी सोच और घटिया मानसिकता BJP नेताओं की पहचान है। एक तरफ BJP महिला सम्मान का ढोंग करती है, दूसरी तरफ उसके नेता अपनी ही पार्टी की महिलाओं की इज्जत रौंदने से बाज नहीं आते। पार्टी ने लिखा कि सच है कि BJP का DNA ही महिला विरोधी है, जहां ऐसे वहशियों को संरक्षण और बढ़ावा दिया जाता है। यही इनका असली ‘चाल-चरित्र-चेहरा’ है। शर्म आनी चाहिए।