आगरा: ताजनगरी में आंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी (सेक्टर-6) के परशुराम चौक पर भारी हंगामा हुआ। दोपहर करीब 12:30 बजे रैली में शामिल कुछ युवकों ने परशुराम चौक पर चढ़कर वहां नीला झंडा लगा दिया। आरोप है कि युवक जूते-चप्पल पहनकर चौक पर चढ़े, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, बढ़ता तनाव
घटना का वीडियो जंगल की आग की तरह सोशल मीडिया पर फैल गया, जिसके बाद ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोग परशुराम चौक पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते मौके पर जय श्रीराम और जय भीम के नारों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस और भारी फोर्स ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने दूसरी रैली और वहां मौजूद लोगों के बीच हो रही नारेबाजी को शांत कराकर मामला संभाला।
सुनियोजित साजिश का आरोप
ब्राह्मण नेता मदन मोहन शर्मा और अन्य स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह महज संयोग नहीं, बल्कि शहर का माहौल बिगाड़ने की सुनियोजित साजिश थी। उन्होंने दावा किया कि अराजक तत्वों ने सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा एडवोकेट ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “भगवान परशुराम भगवान विष्णु के अवतार हैं और सभी के लिए पूजनीय हैं। बाबा साहेब का सम्मान भी हर वर्ग करता है, लेकिन इस तरह की असभ्यता समाज में विभाजन पैदा करती है।” उन्होंने सरकार से मांग की कि महान विभूतियों को जाति के दायरे में न बांधा जाए और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई हो।
पुलिस का पक्ष: स्थिति नियंत्रण में
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ युवकों ने चौराहे पर झंडा लगाया था, लेकिन तोड़फोड़ या हिंसा जैसी कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एहतियात के तौर पर परशुराम चौक और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ब्राह्मण समाज की चेतावनी:
शाम को फिर से एकजुट हुए ब्राह्मण समाज के लोगों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि कल तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

