हिमाचल के कांगड़ा में बोले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मां-बेटा और बेटी की पार्टी है कांग्रेस, बाकी सभी पार्टियां हो चुकी हैं विचारों से शून्य

Politics

नड्‌डा ने कहा, सत्ता के लिए वे हर समझौता करने के लिए तैयार हैं। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर नड्डा सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में रैली को संबोधित कर रहे थे।

विपक्षी दलों की होने वाली बैठक पर कहा, मुझे हंसी आती है

बिहार में 23 जून को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक पर नड्डा ने कहा कि मुझे कई बार हंसी भी आती है और आश्चर्य भी होता है। कांग्रेस पार्टी और CPM दोनों हाथ मिलाकर चुनाव में उतरते हैं। कहां गए इन दोनों के विचार?

23 जून को बिहार में विपक्षी दलों की बैठक होगी

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी पार्टियां एकजुट हो रही हैं। इसके लिए 23 जून को बिहार में विपक्षी दलों की बैठक होनी है। भाजपा से अलग होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी पहल की है। इसमें कांग्रेस, टीएमसी, एनसीपी, आम आदमी पार्टी समेत कई पार्टियों के नेताओं ने हिस्सा लेने पर सहमति दी है।

नड्‌डा बोले, पहले की सरकारों में सिर्फ घोटाले होते थे

जनसभा के दौरान नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधा और मोदी सरकार की पांच साल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले भ्रष्टाचार से युक्त सरकार में घोटाले ही घोटाले थे, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में स्कैम से निकल कर स्कीम वाली सरकार देश में बनी। आज एक मजबूत सरकार, दमदार सरकार, निर्णायक सरकार के रूप में मोदी सरकार काम कर रही है।

हमारी अकेली पार्टी है जिसके 6 लाख 80 हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष हैं। हमारे 303 लोकसभा सदस्य हैं, 1385 विधायक हैं, सैकड़ों मेयर हैं और हजारों जिला पंचायत सदस्य हैं। सेवा करना, सुशासन चलाना और गरीबों कल्याण के लिए काम करने वाली अकेली पार्टी भाजपा है।

Compiled: up18 News