होली की खुमारी में सपा-कांग्रेस को बहुत कुछ बोल गए भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश

Politics

आगरा: देशभर में होली की खुमारी हर किसी पर सिर चढ़कर बोल रही है। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष हर कोई होली के रंग में सराबोर है। इस होली की खुमारी आगरा छावनी विधानसभा से भाजपा विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश के आवास पर भी देखने को मिली। भाजपा विधायक डॉ जीएस धर्मेश के आवास पर जमकर होली खेली गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के अबीर और गुलाल लगाया और एक दूसरे को होली की बधाइयां दी। इस दौरान विधायक डॉ जीएस धर्मेश ने कांग्रेस और सपा पर जमकर हमला बोला।

होली की खुमारी में भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभी तो नॉर्थ ईस्ट में पीएम मोदी के नेतृत्व में जीत मिली है। जरा मध्यप्रदेश और राजस्थान के चुनाव होने दीजिए कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। होली के जश्न के बीच भाजपा विधायक डॉ धर्मेश ने राहुल गांधी को पप्पू कहकर आड़े हाथ लिया और कहा कि ‘वे विदेशों में जाकर कहते है कि इस समय भारत में लोकतंत्र खतरे में है। अंदरूनी मामलों में विदेशों से हस्तक्षेप कराते हैं ऐसे लोग देशद्रोही है। उनके खिलाफ देशद्रोही होने का मुकदमा चलाना चाहिए।’

फिल्मी डॉयलोग में सपा पर भी हमला

भाजपा विधायक डॉ जीएस धर्मेश ने विपक्ष के नेता और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने विधानसभा सत्र में सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था और ग्लोबल समिट पर उठाए प्रश्न पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यस्था सुद्रण हो रही है इसलिए प्रदेश में इन्वेस्ट हो रहा है लेकिन उनके राज्य में शिक्षा माफिया सक्रिय रहा आज वो भी खत्म हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्मी स्टाइल में सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘कालिया अब तेरा क्या होगा।’

होली की खुमारी में बहुत कुछ बोल गए भाजपा विधायक डॉक्टर धर्मेश। अब कांग्रेस और सपा इन शब्दों को किस रूप में लेगी यह तो आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल होली की खुमारी भाजपा नेताओं के सिर चढ़कर बोल रही है।