मुंबई (अनिल बेदाग): ‘झांसी की रानी’ और ‘केरला स्टोरी 2’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवा चुकीं अभिनेत्री उल्का गुप्ता अब एक बिल्कुल नए और अनोखे अवतार में नजर आने वाली हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘रजनी की बारात’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जो पारंपरिक सोच को चुनौती देते हुए ‘दुल्हन’ की एक नई परिभाषा पेश करता है।
स्कूटर पर सवार दुल्हन का ‘अतरंगी’ स्वैग
रिलीज हुए पोस्टर में उल्का गुप्ता पूरी दबंगई और एटीट्यूड के साथ स्कूटर पर अपनी ही बारात का नेतृत्व करती नजर आ रही हैं। पोस्टर का विजुअल बेहद प्रभावी है, जहाँ बैकग्राउंड में शादी की तैयारियां चल रही हैं और उनके साथ सुनीता राजवर व ज़रीना वहाब जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। वहीं, अभिनेता अश्वथ भट्ट एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में कहानी में किसी दिलचस्प ट्विस्ट की ओर इशारा कर रहे हैं।
सिर्फ शादी नहीं, यह एक ‘स्टेटमेंट’ है: मेकर्स
फिल्म के निर्देशक आदित्य अमन के अनुसार, यह कहानी समाज के उन तय नियमों को आईना दिखाती है जो महिलाओं को सीमित दायरे में रखते हैं। फिल्म के प्रोड्यूसर तनाया आडारकर प्रभु और तेज एच आडारकर ने बताया, “‘रजनी की बारात’ सिर्फ एक शादी की कहानी नहीं है, बल्कि एक स्टेटमेंट है। हम आज के ‘जेन-जी’ (Gen Z) दर्शकों के लिए एक ऐसी मनोरंजक फिल्म लाए हैं जो उन्हें इमोशनली कनेक्ट करेगी।”
किरदार पर क्या बोलीं उल्का गुप्ता?
अपनी खुशी को खुद सेलिब्रेट करने वाली ‘रजनी’ के किरदार को लेकर उल्का गुप्ता ने कहा, “रजनी एक ऐसी लड़की है जो किसी भी परंपरा को आंख बंद करके नहीं मानती। वह अपनी खुशी की कमान खुद संभालती है और अपनी बारात खुद लेकर निकलती है। यह किरदार मेरे दिल के बहुत करीब है।” फिल्म में कनिष्क विजय भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।
29 मई को सिनेमाघरों में मचेगी धूम
एपिफ़नी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म एक ‘गर्ल पावर’ इंस्पायरिंग कहानी है। तनाया आडारकर प्रभु और तेज एच आडारकर द्वारा निर्मित और आदित्य अमन द्वारा निर्देशित यह फिल्म 29 मई 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

