​’अनुपमा’ फेम नवीन शर्मा का डिजिटल धमाका: “वैलेंटाइन बिलियनेयर” में निभाया प्यार और धोखे का पेचीदा किरदार

Entertainment

मुंबई: टीवी के सुपरहिट शो ‘अनुपमा’ से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता नवीन शर्मा अब डिजिटल दुनिया में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर रहे हैं। नवीन शर्मा ओंकार फिल्म्स एंड प्रोडक्शंस की नई माइक्रो मिनी सीरीज़ “वैलेंटाइन बिलियनेयर” में एक बेहद चुनौतीपूर्ण और रहस्यों से भरे मुख्य किरदार में नजर आ रहे हैं।

दिलचस्प कहानी: एक अनचाही प्रेग्नेंसी और उलझे रिश्ते

​निर्माता मनीष शुक्ला के विजन से सजी इस सीरीज़ में नवीन शर्मा ‘आकाश’ नाम के युवक की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी की शुरुआत एक साधारण टॉय-स्टोर से होती है, लेकिन आकाश की जिंदगी तब पलट जाती है जब वह एक पूर्व क्रिकेट स्टार की विवादित दुनिया का हिस्सा बन जाता है। एक अनचाही प्रेग्नेंसी इस कहानी में ऐसा मोड़ लाती है, जो आकाश को जिम्मेदारियों और इमोशनल उलझनों के जाल में फंसा देती है।

​त्रिकोणीय प्रेम और ‘ग्रे शेड्स’ का तड़का

​सीरीज़ की कहानी तब और पेचीदा हो जाती है जब शादीशुदा आकाश को दूसरी महिला (नेहा राजपूत) से प्यार हो जाता है। इसी बीच उसकी अलग रह रही पत्नी (शाइन) वापस लौट आती है, जिससे पुराने जख्म फिर हरे हो जाते हैं। नवीन शर्मा ने अपने किरदार को बड़ी संवेदनशीलता के साथ निभाया है, जिसमें दर्शकों को उनके रोमांटिक अंदाज के साथ-साथ ‘ग्रे शेड्स’ भी देखने को मिल रहे हैं।

नवीन शर्मा ने साझा किया अनुभव

​अपने नए प्रोजेक्ट पर बात करते हुए नवीन शर्मा ने कहा “माइक्रो मिनी सीरीज़ का फॉर्मेट मुझे काफी पसंद आ रहा है क्योंकि इसमें कहानी तेज रफ्तार से चलती है। ‘वैलेंटाइन बिलियनेयर’ मेरे लिए खास है क्योंकि इसमें आकाश के किरदार के कई पहलू हैं। दर्शकों को उसके किरदार में ट्विस्ट और सरप्राइज दोनों मिलेंगे।”

​डिजिटल स्पेस में ओंकार फिल्म्स की दस्तक

ओंकार फिल्म्स एंड स्टूडियो इस सीरीज़ के जरिए डिजिटल दर्शकों के लिए प्रभावशाली कंटेंट पेश करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शाइन और नेहा राजपूत की दमदार परफॉर्मेंस ने इस ड्रामा सीरीज़ को और भी रोचक बना दिया है, जो हर एपिसोड के साथ दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है।