16 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी में लगेगा शिविर, अब तक 1500 रक्तदाताओं ने कराया पंजीकरण
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा आगामी 16 अगस्त 2026 को आयोजित किए जा रहे चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को “राधा हॉल”, अतिथिवन, वाटर वर्क्स में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडल से संबद्ध सभी सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा रक्तदान शिविर की तैयारियों एवं अब तक की कार्य प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान सदस्य संस्थाओं द्वारा रक्तदाताओं के भरे हुए पंजीकरण प्रपत्र भी जमा किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने सभी सदस्य संस्थाओं से इस पुण्य कार्य में पूर्ण सहयोग एवं समर्पण के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों से यह रक्तदान शिविर नया इतिहास रचेगा तथा आगरा व्यापार मंडल की एकजुटता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।
रक्तदान शिविर के संयोजक राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि व्यापारी वर्ग में रक्तदान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी तक 1500 रक्तदाताओं का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग इतने ही अन्य पंजीकरण अंतिम चरण में हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिविर में रिकॉर्ड संख्या में व्यापारी, युवा एवं समाजसेवी रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस महाअभियान का हिस्सा बनेंगे।
बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न पदाधिकारियों एवं संयोजकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने आगरा व्यापार मंडल से आगामी समय में भी इस सेवा को जारी रखने का आग्रह किया।
आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने समस्त व्यापारी समाज एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस सेवा यज्ञ में सहभागी बनने की अपील की।
चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन 16 अगस्त 2026 को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी, आगरा में किया जाएगा। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि इस वर्ष रक्तदान शिविर सहभागिता और सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन मंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, शिविर संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, राजेश सिंघल योगेश रखवानी, सहसंयोजक महावीर मंगल, मनोज भाटिया, अनूप बंसल, नितिन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


