आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम: CAIT का भारतीय व्यापार महोत्सव, आगरा के उद्यमियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

Business

आगरा। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ के पोस्टर का विमोचन आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज रिज़ॉर्ट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री एस.पी. सिंह बघेल उपस्थित रहे।

आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मिलेगा नया आयाम

इस विशेष बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली से विशेष रूप से पधारे CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक के सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल ने आगरा के व्यापारी बंधुओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी अपनाओ’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह महोत्सव देश को आर्थिक रूप से विकसित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आगरा के सभी व्यापारियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।

आगरा के उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री एस.पी. सिंह बघेल ने CAIT आगरा की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह महोत्सव स्थानीय उद्योगों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा। उन्होंने आगरा के प्रमुख व्यवसायों—फुटवियर, जरदोजी, हैंडीक्राफ्ट, स्टोन वर्क, पच्चीकारी, सर्जिकल उपकरण, चांदी उद्योग, ब्रश उद्योग, गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग, मसाले, इंजीनियरिंग इक्विपमेंट के साथ-साथ प्रसिद्ध पेठा और दालमोठ उद्योग से जुड़े उद्यमियों और संस्थाओं से इस आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगरा की कला और शिल्प को देश-दुनिया तक पहुँचाने का यह स्वर्णिम अवसर है।

प्रमुख उपस्थिति

कार्यक्रम में CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश के सह-संयोजक एवं आगरा के अध्यक्ष रोहित कत्याल के साथ-साथ राजेश अग्रवाल, रमेश वाधवा, महेश कर्दम, संजय अरोरा, सोनू कक्कड़, स्वीटी कालरा, अतुल गर्ग, संजय ढींगरा, अभिषेक कपूर, वीनू महाजन, राजीव कोहली, राजीव सेठी और गुलशन कोहली सहित शहर के कई गणमान्य व्यापारी नेता उपस्थित रहे।