आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (एओएस) द्वारा शनिवार को खंदारी स्थित लेमन ट्री होटल में आयोजित मीडिया एवं संस्थापक सहयोगी बैठक में जन-स्वास्थ्य अभियान ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अभियान के आधिकारिक पोस्टर का भी संयुक्त रूप से लोकार्पण किया गया।
अभियान का उद्देश्य आगरा के नागरिकों को हड्डियों, जोड़ों, मांसपेशियों और रीढ़ संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना, बीमारियों की समय पर पहचान कराना और वैज्ञानिक परामर्श के माध्यम से सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
अभियान का मुख्य संदेश रखा गया है—
“Better Bones • Better Life • Better Agra”
“One City • One Movement • One Community”
चिकित्सा विशेषज्ञों और संस्थाओं की संयुक्त पहल
कार्यक्रम में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने सभी अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ और सक्रिय नागरिक ही किसी भी शहर की प्रगति की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि हड्डी और जोड़ संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए समय रहते जागरूकता और बचाव जरूरी है।
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ केवल स्वास्थ्य शिविरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चिकित्सा विशेषज्ञों, प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, मीडिया और आम नागरिकों की भागीदारी से संचालित व्यापक जन-अभियान होगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य हर आयु वर्ग तक पहुंचकर हड्डी स्वास्थ्य, सही व्यायाम, पोषण, चोट से बचाव और जीवनशैली सुधार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
परियोजना चेयरमैन डॉ. डी. वी. शर्मा के मार्गदर्शन में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी के ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ अगस्त माह के दौरान विभिन्न वर्गों के लिए कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इनमें पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कार्यालय एवं औद्योगिक कर्मचारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा आवासीय समुदायों के लिए जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य जांच शिविर शामिल हैं।
अभियान के प्रमुख संस्थापक सहयोगियों में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), आगरा पुलिस, लायंस क्लब्स इंटरनेशनल, उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन तथा इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन शामिल हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए लायन अजय भार्गव, सीनियर सिटीजन सोसायटी के अनुराग जैन, शांति सेना की श्रीमती वत्सला प्रभाकर, आईएमए के डॉ. करण रावत, ट्रैफिक सपोर्ट टीम के सुनील खेत्रपाल तथा मोटर स्पोर्ट्स क्लब के राम कपूर ने अभियान को शहर की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
सभी वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ‘आगरा मूव्स बेटर’ को हड्डी, जोड़, मांसपेशी और रीढ़ स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रभावी जन-आंदोलन बनाया जा सकता है।
बैठक में रोटेरियन थान सिंह, अशोक टंडन, अधिवक्ता अखिलेश शर्मा और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अपूर्व शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक, सामुदायिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अभियान से जुड़ने वाली संस्थाओं में सीनियर सिटीजन सोसायटी, शांति सेना, एन्थम रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, टाइम बैंक ऑफ इंडिया, युवा चतुर्वेदी मंच, आई-सर्व खुशियों के पल, वेकअप आगरा, ब्रज विकास संस्थान, नवकल्याणम् सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन, लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321C2, रोटरी क्लबों, ट्रैफिक सपोर्ट टीम, मोटर स्पोर्ट्स क्लब, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थाएं, उद्योग एवं सीएसआर सहयोगी तथा स्वयंसेवी समूह शामिल हैं।
अभियान की पहली प्रमुख गतिविधि रविवार 2 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन, आगरा में आयोजित होगी। इसमें पुलिस परिवारों और महिला पुलिसकर्मियों के लिए ‘अस्थि एवं तंत्रिका स्वास्थ्य जांच शिविर’ लगाया जाएगा।
शिविर में BMD जांच, पैरों की स्पर्श-संवेदना जांच, चयनित लाभार्थियों की Vitamin-D जांच तथा ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया और तंत्रिका संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह कार्यक्रम आगरा पुलिस की ‘वामा सारथी’ योजना के सहयोग से आयोजित होगा।
अगस्त माह में विद्यालयों में ‘ग्रो स्ट्रेट इंडिया’, कार्यालयों में ‘पोस्चर इंडिया’, वरिष्ठ नागरिकों के लिए गिरने से बचाव, स्वास्थ्यकर्मियों के लिए कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स तथा विभिन्न समुदायों में हड्डी स्वास्थ्य, व्यायाम, पोषण और चोट से बचाव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी के डॉ. मुकेश गोयल, डॉ. अशोक विज, डॉ. गंभीर सिंह सिकरवार, डॉ. मेघल गोयल, डॉ. दिव्यांशु मोहनिया, डॉ. अनुपम गुप्ता और डॉ. ब्रजेश शर्मा सहित अनेक सदस्यों ने सहभागिता की और अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने सभी संस्थापक सहयोगियों, वक्ताओं, सामाजिक संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


