आगरा: आगरा की थाना खेड़ा राठौर पुलिस ने पशु व्यापारियों के साथ हुई मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लूटी गई बाइक, नकदी और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
जाल बिछाकर की थी लूटपाट
गौरतलब है कि फिरोजाबाद के दो पशु व्यापारी गाय खरीदने के लिए खेड़ा राठौर के गांव गुमानसिंह पुरा आए थे। आरोपियों ने उन्हें पशु बेचने के बहाने एक सुनसान स्थान पर बुलाया और उन पर तमंचों की बट से जानलेवा हमला कर दिया। व्यापारियों को लहूलुहान करने के बाद बदमाश उनकी बाइक और नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एसीपी हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए गठित की गई पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों आकाश, नरेंद्र और अरविंद को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी का विवरण:
पुलिस ने इनके कब्जे से एक लूटी हुई बाइक और घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से तीन अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लूटे गए तीन हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
गैंग हिस्ट्री खंगाल रही पुलिस
एसीपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही, इनके अन्य संभावित साथियों की भी तलाश की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

