आगरा: एक बार फिर ताजमहल में नमाज अदा करने का वीडियो वायरल, महकमे में खलबली, हिंदूवादियों में आक्रोश

Regional

आगरा, 20 नवम्बर। ताजमहल में एक बार फिर नमाज अदा करने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद अधिकारियों में खलबली मच गयी है। ये वीडियो रविवार का बताया जा रहा है। पुरातत्व विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। दूसरी ओर हिंदूवादियों ने इसे साजिश बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ताजमहल के अंदर किसी भी तरह की धार्मिक गतिविधि पर रोक है। शुक्रवार को ताजमहल के अंदर स्थित शाही मस्जिद में सिर्फ स्थानीय निवासी नमाज अदा कर सकते हैं। इसके अलावा रमजान के माह में और ईद व बकरीद पर सुबह नमाज अदा कर सकते हैं।

वायरल वीडियो में गार्डन में एक व्यक्ति और महिला नमाज अदा कर रहे हैं। ये वीडियो किसी पर्यटक ने बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में पुरुष मुस्लिम टोपी लगाकर नमाज पढ़ता दिखाई दे रहा है। महिला बगल में बैठी हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पुरातत्व विभाग और सीआईएसएफ में खलबली मची हुई है। ताजमहल में ऐसी गतिविधियां रोकने की जिम्मेदारी एएसआई कर्मचारी और सीआईएसएफ के जवानों की है। पुरातत्व अधीक्षक राजकुमार पटेल ने वीडियो की जांच करा कर कार्रवाई की बात कही है।

बिना अनुमति प्रतिबंधित स्थान पर नमाज अदा करने के मामले में हिंदूवादियों में आक्रोश है। अखिल भारत हिंदू महासभा की ब्रज प्रांत महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मीना दिवाकर ने पुरातत्व विभाग का घेराव करने की बात कही है। उनका कहना है कि हम जब तेजोमहल की पूजा करने जाते हैं तो रोका जाता है। भगवा पहने हों तो प्रवेश नहीं दिया जाता है और लड्डू गोपाल अगर साथ हैं तो कहते हैं कि उन्हें अकेला बाहर छोड़ आओ तब जाने देंगे। दूसरी तरफ ताजमहल में लोगों को नमाज पढ़ने दी जाती है। हाल के महीनों में तीसरी बार ऐसा हुआ है। पुरातत्व विभाग अगर नहीं रोक पा रहा है तो हमें बताए हम खुद लठ लेकर सुरक्षा करेंगे।

गौरतलब है कि इसी साल मई महीने में ताजमहल परिसर की मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले चार पर्यटकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनमें से तीन युवक हैदराबाद और एक आजमगढ़ का रहने वाला था। चारों ताज परिसर में बनी मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे, जबकि वहां सिर्फ शुक्रवार को ही नमाज अदा करने की इजाजत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *