Agra News: दिल्ली गया था परिवार, लाखो की नकदी-जेवर के साथ बनियान-अंडरवियर तक चुरा ले गए चोर

Crime

आगरा: थाना शाहगंज क्षेत्र की सुमन विहार कॉलोनी में चोरों ने एक घर के ताले तोड़कर करीब दस लाख रुपये के जेवर व नकदी चुरा ली। चोर यहां रसोई से कुकर, प्लेट और कमरों से बनियान व अंडरवियर तक उठा ले गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। परिवार के लोग दिल्ली गए थे।

सुमन विहार, शाहगंज निवासी संदीप राय दिल्ली में नौकरी करते हैं। 25 दिसंबर को वह परिवार को दिल्ली ले गए थे। घर में ताला लगा था। सोमवार को लौटे तो पता चला कि अलमारी के ताले टूटे पड़े हैं। चोर दस लाख रुपये के जेवर और नकदी ले गए। चोरों ने बड़े ही इत्मीनान से चोरी की थी। रसोई से प्लेट, चम्मच, कुकर समेट लिया। कमरों से बनियान, अंडरवियर, जैकेट तक ले गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच की।

थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक समरेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों ने दो दिन पहले चोरी की थी। तब कॉलोनी के लोगों ने मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देखकर दूसरा ताला डाल दिया था। चोरों की तलाश की जा रही है।

एक अन्य घटना आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर छह में हुई। यहां के रहने वाले अंशु भटनागर एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। 27 जनवरी को हरियाणा के यमुनानगर एक शादी में गए थे। उनके साथ मां भी थीं। सोमवार को लौटे तो घर के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने पूरा घर खंगाल दिया। चोर 1.80 लाख रुपये और जेवरात चोरी करके ले गए। घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त न होने से चोरों ने घर को निशाना बनाया। मामले में थाना जगदीशपुरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।