Agra News: रास्ता भूलकर डिवाइडर पर सो गया बच्चा, पुलिस ने दो घण्टे में मां-बाप से मिलाया

स्थानीय समाचार

आगरा: जगनेर रोड स्थित कस्बा मलपुरा में गश्त कर रही पुलिस ने जब डिवाइडर पर एक सात वर्षीय बालक को सोते हुए देखा तो उसे जगा कर पूछताछ की। बालक अपना पता नहीं बता पा रहा था, परंतु उसने अपने माता-पिता का नाम बता दिया। मलपुरा पुलिस के सामने बिना पते के मां-बाप को खोजना चुनौती थी। पुलिस ने महज दो घण्टे में इस चुनौती को पूरा कर लिया और मां-बाप को खोज कर बच्चा उन्हें सौंप दिया।

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात थाना मलपुरा पुलिस गश्त कर रही थी। तभी पुलिस ने देखा कि एक बालक अपने जूते उतारकर सिर के नीचे रखकर सो रहा है। पुलिस को कुछ शक हुआ तो सात वर्षीय बालक से पूछताछ की। उसने अपना पिता का नाम देवेंद्र एवं मां का नाम कमलेश बताया। इसके बाद वह कुछ भी नहीं बता पा रहा था। पुलिस ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 एवं सर्किल के थानों से बच्चा लापता होने की जानकारी ली।

मात्र दो घंटे में ही बच्चे के गांव के पता लगा लिया। बच्चा थाना सैंया क्षेत्र के गांव नगला देवी सिंह का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता के साथ एक शादी समारोह में थाना शाहगंज क्षेत्र में आया था। वहां से वह पैदल निकल गया और रास्ता भूल गया था। चलते चलते वह मलपुरा पहुंच गया। थक-हार कर वह डिवाइडर पर ही सोने लगा। अपने बच्चे को पाकर उसकी मां कमलेश ने उसे अपने सीने से लगा लिया और उसके खुशी में आंसू निकल आए। माता-पिता ने मलपुरा पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा भी की।