Agra News: ताजगंज में स्कूटी व्यापारी को गोली मारी, प्रसपा पूर्व जिलाध्यक्ष के पुत्र पर लगाया आरोप

Crime

आगरा: थाना ताजगंज क्षेत्र में स्कूटी कारोबारी को एक व्यक्ति ने गोली मार दी। कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घायल कारोबारी और गोली मारने वाले व्यक्ति का पहले से विवाद चल रहा था और कई बार इन दोनों गुटों में फायरिंग भी हो चुकी है।

घायल कारोबारी ने उस पर हमले का आरोप प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष धारा सिंह यादव के पुत्र पर लगाया है। हालांकि पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल में जुटी है।

घटनाक्रम के अनुसार, आज मंगलवार की दोपहर स्कूटी व्यापारी नरेंद्र पुत्र श्याम कलाल खेरिया चौराहे के पास एक दुकान पर नाश्ता करने पहुंचे। नाश्ता करने के बाद वह उसी चौराहे पर स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों में से एक ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली नरेंद्र के सीने को छूती हुई निकल गई। जिससे नरेंद्र घायल होकर पर गिर पड़े। लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने नरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। नरेंद्र ने बताया कि उनके ऊपर दो राउंड फायर किए गए थे। उन्होंने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धारा सिंह यादव के बेटे अमित और उसके साथी पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। नरेंद्र बताया कि हमारी उनसे कोई पुरानी रंजिश नहीं है, लेकिन वह लोग हम से दुश्मनी मानते हैं।

डीसीपी नगर विकास कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने फायरिंग की है। घायल को भर्ती करा दिया गया। पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।