Agra News: पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ़्तार, पैर में लगी गोली

Crime

उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार तड़के पुलिस की इनामी अपराधी श्याम सुंदर से मुठभेड़ हो गई। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि न्यू आगरा पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि बदमाश श्याम सुंदर न्यू आगरा में मूव कर रहा है।

आगरा पुलिस टीम ने उसे न्यू आगरा क्षेत्र में पोइघा घाट रोड के पास घेर लिया। वह बाइक से जा रहा था। पुलिस द्वारा चारों तरफ से खुद को घिरता देखकर बदमाश ने पीछे लौटने के लिए तमंचे से फायर किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो बदमाश के एक पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद बदमाश जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ़्तार कर लिया।

आगरा पुलिस ने बताया कि कुख्यात अपराधी श्याम सुंदर के खिलाफ न्यू आगरा समेत थाना ट्रांस यमुना कॉलोनी, थाना खंदौली आदि में केस दर्ज हैं। खंदौली में उसने फायरिंग की थी। उसके खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज है। न्यू आगरा में पिछले दिनों लूटपाट कर वह फरार हो गया था। थाना ट्रांस यमुना कॉलोनी में भी उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया है। बदमाश श्याम सुदंर को पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। उसके कब्जे से एक बाइक, 1 तमंचा, 3 खोखा कारतूस, 1 कारतूस के अलावा लूटपाट के 3 हजार रुपए बरामद हुए हैं।