Agra News: जोमेटो की टीशर्ट पहन करते थे दिन में रैकी और रात में चोरियां, पुलिस ने किये गैंग के 6 सदस्य गिरफ्तार

Crime

आगरा: शहर में जोमेटो की टीशर्ट पहनकर चोरों का गैंग दिन में ताला बंद मकानों की रेकी करता था और रात को वारदात को अंजाम देता था। इस गैंग द्वारा सिकंदरा क्षेत्र में दो बड़ी चोरियों को अंजाम दिया था। अकेले एक घटना में 20 लाख से अधिक का माल ले गए थे। पुलिस ने गैंग के छह सदस्यों को दबोचा है।

डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि सेक्टर 16 में सोनल तिवारी के घर वारदात हुई थी। वह कपड़ा कारोबारी हैं। घर पर ताला बंद था। चोरी की एक वारदात शास्त्रीपुरम में हुई थी। दोनों जगह से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाले। फुटेज से साफ हुआ कि दोनों घटनाओं में एक ही गैंग शामिल है। सिकंदरा पुलिस और सिटी सर्विलांस टीम को गिरोह की घेराबंदी की जिम्मेदारी दी गई। छानबीन के बाद पुलिस ने गैंग को चिन्हित किया। जानकारी हुई कि गैंग के सदस्य घर नहीं आते। फुटपाथ, रेलवे स्टेशन जैसी जगह रात गुजारते हैं। गैंग का सरगना ताजगंज निवासी महेश उर्फ सलीम है।

डीसीपी सिटी ने बताया कि गैंग का सदस्य दीपक जोमेटो की टीशर्ट पहनकर और डिलीवरी बैग लेकर बाइक पर रेकी करने निकलता था। पता खोजने के लिए पॉश कालोनियों में घूमा करता था। कहां सीसीटीवी लगे हैं किस घर में ताला बंद है और रेकी करके सरगना को बताता था।