फेसबुक दोस्त को आगरा बुलाकर दुष्कर्म, युवती बचकर भागी तो ऑटो सवारों ने भी की दरिंदगी, अर्धनग्न हालत में सड़क किनारे मिली पीड़िता

Crime

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवती के साथ हैवानियत का ऐसा मंजर सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्तराखंड के हरिद्वार की रहने वाली एक युवती के साथ शहर में दो अलग-अलग जगहों पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पहले फेसबुक फ्रेंड ने उसे धोखे से बुलाकर बंधक बनाया और फिर मदद की तलाश में निकली युवती को कथित तौर पर ऑटो सवार कुछ लोगों ने भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

दोस्ती के नाम पर मिला खौफनाक धोखा

घटना की शुरुआत सोशल मीडिया से हुई। पीड़िता की जान-पहचान फेसबुक के जरिए आगरा के दयालबाग निवासी एक युवक से हुई थी। युवक के बुलावे पर युवती करीब 12 दिन पहले आगरा पहुंची थी। आरोप है कि युवक उसे भगवान टॉकीज इलाके के एक गेस्ट हाउस में ले गया और वहां उसे बंधक बनाकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे कोर्ट मैरिज का झांसा देकर अपने जाल में फंसाए रखा।

खत्म नहीं हुई मुसीबत, ऑटो सवारों ने ढाया कहर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीती रात पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकली, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सड़क पर मदद की उम्मीद में युवती को कुछ ऑटो सवार मिले, जिन्होंने मदद के बहाने उसे खंदौली क्षेत्र के अगरपुर गांव के सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हैवानियत के बाद आरोपी उसे अर्धनग्न और मरणासन्न हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए।

​मदद के लिए चीख और पुलिस की कार्रवाई

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तड़के करीब 4:30 बजे पीड़िता अगरपुर स्थित एक आटा मिल के पास पहुंची और बदहवास हालत में मदद के लिए चिल्लाने लगी। चीख सुनकर पास के निवासी देवेंद्र सिंह वहां पहुंचे और पीड़िता की स्थिति देखकर दंग रह गए। उन्होंने तुरंत उसे कपड़े दिए और मिल मालिक कमलेश शर्मा को सूचित किया। इसके बाद 112 नंबर के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर मिले शराब और संघर्ष के निशान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल सहायता व पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस को घटनास्थल से पीड़िता के बिखरे हुए कपड़े, चप्पलें और शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जो वारदात की भयावहता को बयां कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।