आगरा। ताजनगरी की थाना अछनेरा पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लंबे समय से ब्लैकमेलिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए आरोपी भानु और अंकित को कीठम पुल के नीचे से धर दबोचा। यह गिरफ्तारी 17 अप्रैल को हुई एक सनसनीखेज वारदात के सिलसिले में की गई है।
आधी रात को सोते समय किया था अपहरण
दर्ज मुकदमे के अनुसार, वारदात वाली रात नाबालिग किशोरी अपने घर में आटा चक्की के पास सो रही थी। तभी ग्राम बस्तई निवासी भानु (पुत्र नरेंद्र) और अंकित (पुत्र राम प्रकाश) वहां पहुंचे और उसे जबरन उठाकर पास के ही एक सुनसान खाली प्लॉट में ले गए।
आरोपियों ने किशोरी को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। हालांकि, पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के जागने के डर से दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
6 महीने से चल रहा था ब्लैकमेलिंग का नरक
पुलिस की पूछताछ और पीड़िता के बयानों में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी भानु पिछले करीब छह-सात महीनों से किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना रहा था। आरोप है कि भानु ने पीड़िता के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शोषण कर रहा था। लोक-लाज के डर से किशोरी अब तक खामोश थी, लेकिन 17 अप्रैल की वारदात के बाद परिजनों ने पुलिस की शरण ली।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पीड़िता की माँ की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद अछनेरा पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी कीठम पुल के पास छिपे हुए हैं और शहर से बाहर भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर भानु और अंकित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है ताकि आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद किए जा सकें।

