फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के ग्राम गढ़ी परशुराम में सोमवार सुबह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत करने पर दबंगों ने छात्र के परिजनों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़ी परशुराम निवासी तेजसिंह पुत्र हेतसिंह ने थाना डौकी में दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ दबंगों ने रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार घटना की शिकायत करने उसकी मां आरोपियों के घर पहुंचीं, जहां उनके साथ भी अभद्रता की गई। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे परिजन जितेंद्र और मलोदा देवी पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने थाना डौकी में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


