आगरा: पहले की प्रेमिका की हत्या, उसके बाद युवक ने खुद खाया विषाक्त पदार्थ, फिर दी पुलिस को सूचना

Crime

आगरा: गुरुवार को एक होटल में युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की हत्या की और फिर उसके बाद खुद जहर खाकर खुदखुशी करने के लिए विषाक्त पदार्थ का सेवन का लिया लेकिन इससे पहले युवक ने इसकी घटना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। वहीँ युवती के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बेटी को भागकर ले जाने की सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

सिकंदरा थाना क्षेत्र के पश्चिमपुरी में खंडेलवाल कांप्लेक्स में एक युवक और युवती कमरे में रुके हुए थे। गुरुवार सुबह 112 पर एक युवक ने कॉल किया। उसने बताया कि उसने प्रेमिका की हत्या कर दी है। अब खुद भी जहर खा लिया है। पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में बेड पर युवती पड़ी थी। उसकी मौत हो चुकी थी। युवक गंभीर अवस्था में पड़ा था।

20 फरवरी को घर से ले जाने का आरोप

पुलिस ने युवक-युवती के बारे में जानकारी की तो पता चला कि युवक जगदीशपुरा के बैर का नगला का रहने वाला 22 साल का जोगिंदर है। मृतका पूजा उर्फ भारती है। पुलिस ने युवती के परिजनों को फोन कर जानकारी दी। मृतका के घरवाले पहुंच गए। वहां पुलिस ने युवती की मौत होने के बारे में बताया। मृतका के पिता गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि युवक जोगिंदर 20 फरवरी को उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। वो उसके घर गए थे तो उसने अभद्रता की गई। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को जानकारी भी दी थी।

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

मृतका की मां ने बताया कि बेटी को घर से भगाकर ले जाने की सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। मगर, उनकी सुनवाई नहीं की। गुरुवार को पता चला कि जोगिंदर ने उसकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी है। अगर पुलिस उनकी सुनवाई कर लेती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है, जिससे पूरे मामले के बारे में पता चल सके।

सीओ हरीपर्वत सत्यनारायण ने बताया कि थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के नगला बेरी मोहल्ले की रहने वाली पूजा रविवार को घर से लापता हुई थी। गुरुवार तड़के चार बजे पुलिस सूचना मिली कि खंडेलवाल होटल में एक युवती की हत्या कर दी गई है। पुलिस पहुंची तो बेड पर पूजा का शव पड़ा हुआ था। पुलिस इस संबंध में कार्यवाही कर रही है।