Agra News: बारिश में पेड़-विद्युत पोल गिरने से बाइक सवार सहित कई लोग आए चपेट में, एक युवक की मौत

स्थानीय समाचार

आगरा: शहर में तेज बारिश और हवाओं के चलते एक पेड़ के साथ बिजली का पोल भी अचानक से गिर गया। इस घटना में बाइक सवार सहित कई लोग चपेट में आये। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन एक युवक की मौत हो गयी। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया और शव को पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया। इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

पूरा मामला थाना रकाबगंज क्षेत्र की ईदगाह कुतुलपुर क्षेत्र का है। बताया जाता है कि शनिवार दोपहर के बाद एक नीम का पेड़ बारिश की वजह से गिर गया। गिरते पेड़ की चपेट में बिजली का खंबा भी आ गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार और वहा खड़े लोग पेड़ व विद्युत पोल की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर थाना रकाबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस घायलों को अस्पताल ले गयी लेकिन अस्पताल में एक घायल युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था तो वहीँ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह के लिए भिजवा दिया।

थाना रकाबगंज प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने के दौरान धनौली निवासी महाराज सिंह उसकी चपेट में आ गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गयी और शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया। वहीं पेड़ और विद्युत पोल गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया था। पेड़ को काटकर हटवाया गया और रास्ते को खुलवाया गया।