आगरा में बोले यूपी के परिवहन मंत्री, प्रदेश के बस स्टैंडों पर शीघ्र एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी

Politics

आगरा: यहां बाईपास स्थित होटल लेमन ट्री में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आज रविवार को संपन्न हो गया। दूसरे दिन के मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि यूपी में बस स्टैंड जल्द ही एयरपोर्ट जैसे दिखाई देंगे। यात्रियों को यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं दी जाएंगी।

प्रशिक्षण वर्ग में आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद नगर निगम के पार्षद और महापौर भाजपा की रीति नीति और सिद्धांतों से रूबरू हुए। समापन सत्र में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि आज देश के साथ उत्तर प्रदेश भी बदल रहा है। यूपी में बस अड्डे जल्द एयरपोर्ट की तरह दिखाई देंगे। जनता की समस्या को ध्यान में रखते हुए लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। सरकार के हर विभाग में पारदर्शी योजनाएं लागू हो रही हैं। बिचौलियों का काम खत्म हो रहा है। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी सरकार में चल रहीं अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया। साथ ही पार्षदों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ अपने क्षेत्र में हर पात्र लाभार्थी को दिलाएं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद रमापति राम त्रिपाठी और ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद के करीब 150 पार्षद और महापौर समेत प्रशिक्षण वर्ग में सम्मिलित प्रतिभागियों को भाजपा ब्रज क्षेत्र की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान, महापौर हेमलता दिवाकर, फिरोजाबाद की महापौर कामिनी राठौर, मथुरा-वृंदावन के महापौर विनोद अग्रवाल, महानगर महामंत्री डॉ यादवेंद्र शर्मा, हेमेंद्र शर्मा एडवोकेट, ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, राकेश मिश्रा, अनीता जैन, सुनील करमचंदानी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश मिश्रा ने किया।