Agra News: सिकंदरा स्मारक में 18 अप्रैल से शुरू हो जाएगा इंटरप्रिटेशन सेंटर, पर्यटकों को दी जाएगी प्राचीन इतिहास की जानकारी

स्थानीय समाचार

आगरा:  अकबर के मकबरे सिकंदरा में विश्व धरोहर दिवस पर 18 अप्रैल को सिकंदरा का व्याख्या केन्द्र (इंटरप्रिटेशन सेंटर) शुरू कर दिया जाएगा।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे में मुख्य प्रवेश द्वार पर ही इसका निर्माण कराया है। यहां एत्मादउद्दौला की तर्ज पर ही पुराने दुर्लभ चित्रों व वीडियो के जरिए पर्यटकों को अकबर और सिकंदरा के प्राचीन इतिहास की जानकारी दी जाएगी।

सिकंदरा स्मारक के मुख्य प्रवेश द्वार के दाईं ओर स्थित बारादरी में व्याख्या केन्द्र में पुराने पिलर का उपयोग करते हुए पैनल लगाए गए हैं। इन पर सभी जानकारी संक्षेप में दी गई है। अकबर के वर्ष 1542 में पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित उमेरकोट में राजा अमरसाल के महल में जन्म लेने से लेकर वर्ष 1605 में आगरा किला में मृत्यु होने के बाद उनका जनाजा सिकंदरा तक लाने की जानकारी पर्यटकों को दी गई है। इस सेंटर में मकबरे के निर्माण से पूर्व लोदी काल में आगरा बसाए जाने, सिकंदर लोदी के नाम पर सिकंदरा की जानकारी भी मिलेगी, वहीं वास्तुकला, चारबाग शैली और प्राचीन कुओं, इमारत की जानकारी मिलेगी।

दूसरी ओर सिकंदरा में कुलांचे भरते हुए हिरन अब नजर नहीं आएंगे। वन विभाग ने इटावा के लॉयन सफारी में बने हिरन सफारी में सिकंदरा स्मारक के हिरणों को भेज दिया है। यहां 35 हिरन थे, जिन्हें शिफ्ट किया गया है। जनवरी से पिंजरे लगाकर हिरनों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो अप्रैल में पूरी हो गई।

अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि विश्व धरोहर दिवस पर 18 अप्रैल को सिकंदरा का इंटरप्रिटेशन सेंटर शुरू कर दिया जाएगा। गाइड की सुविधा नहीं लेने वाले पर्यटकों को इंटरप्रिटेशन सेंटर के जरिए महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी।