Agra News: नहाते समय हाथीघाट पर यमुना में डूबे चार युवक, आए थे पूजा करने, मची चीख पुकार

Crime

आगरा: यहां यमुना नदी में हाथी घाट पर शनिवार दोपहर को चार युवक डूब गए। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया है। स्टीमर की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।

आगरा के हाथी घाट पर दोपहर को सदर के रहने वाले छह युवक पूजा करने आए थे। पूजा करने के दौरान चार युवक रितिक, विष्णु, सचिन और तुषार यमुना में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान युवक डूबने लगे। बचने के उन्होंने शोर मचाया।

दोस्तों की आवाज सुनकर पूजा कर रहे पवन और विशाल उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए। मगर, जैसे ही वो आगे बढ़े तो वो भी डूबने लगे। उन्हें डूबते देख पास में कपड़े धो रहे लोग बचाने को दौड़े। उन्होंने विशाल और पवन को बचाया। दोनों को बचाकर बाहर निकाला। इसके बाद चारों दोस्तों को बचाने के लिए यमुना में गए, लेकिन तब तक वे डूब चुके थे।

युवकों ने दोस्तों के डूबने की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। तुरंत मौके पर थाना छत्ता, एत्माद्दौला और सदर थाने का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए गोताखोर बुलाए। स्टीमर की मदद से भी तलाश की गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गोताखोर युवकों की तलाश कर रहे हैं।