आगरा: ताजनगरी का कमला नगर क्षेत्र गुरुवार को भक्ति और अध्यात्म के रंग में सराबोर नजर आया। सुप्रसिद्ध मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज एवं मुनिश्री विश्वसौम्य सागर महाराज ससंघ का कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। मैनपुरी से विहार करते हुए आए संतों की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। यह मंगल प्रवेश 23 से 27 अप्रैल तक एम.डी. जैन इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाले भव्य श्री आदिनाथ पंचकल्याणक महोत्सव की पूर्व संध्या पर एक उत्सव के रूप में मनाया गया।
जयकारों से गुंजायमान हुआ कमला नगर
जैसे ही संतों का संघ कमला नगर की सीमा में प्रविष्ट हुआ, पूरा क्षेत्र ‘गुरुदेव के जयकारों’ से गूंज उठा। जैन समाज के महिला-पुरुषों और युवाओं ने संतों की अगवानी की। मंगल प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से संतों के पाद प्रक्षालन किए और आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। संतों के सान्निध्य में मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
पंचकल्याणक: आत्मशुद्धि का महाकुंभ
मंगल प्रवेश के उपरांत आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज ने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव केवल एक बाहरी उत्सव नहीं है, बल्कि यह स्वयं के भीतर के तीर्थंकरत्व को जगाने और आत्मशुद्धि का महाकुंभ है। उन्होंने संयम, तप और आत्मकल्याण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
महोत्सव के पात्रों का भव्य अभिनंदन
आगामी पंचकल्याणक महोत्सव की भव्यता को दर्शाते हुए कार्यक्रम में प्रमुख पात्रों का सार्वजनिक सम्मान किया गया। तीर्थंकर बालक के माता-पिता, सौधर्म इंद्र, कुबेर, और नायक-नायिका सहित सभी पात्रों को मुकुट, साफा और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
आयोजन स्थल: एम.डी. जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड
तिथि: 23 से 27 अप्रैल
जैन समाज की सक्रिय सहभागिता
श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति और श्री सर्वोतोभद जिनालय ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का कुशल संचालन मनोज बाकलीवाल ने किया। समारोह में जगदीश प्रसाद जैन, पारस जैन कंसल, मनोज जैन बल्लो, और स्नेहलता जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

