आगरा: ताजनगरी की जगदीशपुरा पुलिस और एसओजी टीम को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 17 मार्च को बिचपुरी इलाके में एक सुनार के साथ हुई लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पथौली नहर के पास हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि उसके दो साथियों ने सरेंडर कर दिया।
पथौली नहर पर हुई ‘आमने-सामने’ की भिड़ंत
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिचपुरी लूटकांड के आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में पथौली नहर के पास मौजूद हैं। थाना जगदीशपुरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो बाइक सवार बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें मुख्य आरोपी रोहित गोस्वामी के पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अंकित भगौर और प्रिंस को भी गिरफ्तार कर लिया।
17 मार्च की वारदात का हुआ पटाक्षेप
बता दें कि 17 मार्च 2026 को बिचपुरी क्षेत्र में बदमाशों ने एक सुनार को निशाना बनाकर सनसनीखेज लूट की थी। तभी से पुलिस की कई टीमें इन लुटेरों के पीछे लगी थीं।
गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने लूटे गए सोने के आभूषण। औऱ एक .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस। वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
अस्पताल में भर्ती, पूछताछ जारी
पैर में गोली लगने से घायल रोहित गोस्वामी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन बदमाशों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, जिससे शहर में हुई अन्य चोरी और लूट की वारदातों के सुराग मिलने की संभावना है।

